दरवाजा बंद कर आरोपी को भगाया, पुलिस ने कर्मचारी को लिया हिरासत में
बरेली : यूपी के बरेली में बरेली बवाल के आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को बारादरी क्षेत्र में बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। दबिश के दौरान एक डेयरी कर्मचारी ने दरवाजा बंद कर वांछित आरोपी को फरार करा दिया। इसके बाद पुलिस ने कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, इस मामले में इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडे ने The justice Hindi को बताया कि आरोपी को डेयरी कर्मी ने दरवाजा बंद कर भगा दिया था। जिसके चलते भगाने वाले का शांति भंग में चालान कर कोर्ट में पेश किया गया है। इसके साथ ही मुझे आरोपी की तलाश की जा रही है।
26 सितंबर उपद्रव मामले में चल रही कार्रवाई
गौरतलब है कि 26 सितंबर को शहर में हुए उपद्रव में पुलिस पर हमला, पेट्रोल बम फेंकने और आगजनी जैसी घटनाएं सामने आई थीं। इस मामले में पुलिस पांच थानों में 10 मुकदमे दर्ज कर अब तक 94 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि कई आरोपी अभी भी फरार हैं।
वांछित सलाउद्दीन की तलाश में पहुंची थी पुलिस
क्राइम ब्रांच और बारादरी पुलिस की टीम सूफी टोला स्थित डेयरी पर सेमलखेड़ा निवासी वांछित सलाउद्दीन की तलाश में पहुंची थी। इसी दौरान डेयरी कर्मचारी मोहम्मदउद्दीन ने दरवाजा बंद कर दिया, जिससे आरोपी मौके से फरार हो गया।
हल्का बल प्रयोग कर खुलवाया दरवाजा
पुलिस ने काफी देर तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर हल्का बल प्रयोग कर दरवाजा खुलवाया और कर्मचारी को हिरासत में ले लिया।पूछताछ में उसने आरोपी के बारे में जानकारी होने से इनकार किया है।
CCTV फुटेज से पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश
बताया जा रहा है कि दबिश के दौरान का सीसीटीवी फुटेज रिकॉर्ड हो गया है। जिसे आरोपी पक्ष पुलिस पर दबाव बनाने के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है।हालांकि, पुलिस ने मीडिया को बताया है कि कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत की गई है और इसकी एंट्री थाने की जीडी में दर्ज है।
26 आरोपी अब भी फरार, पुलिस की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक उपद्रव मामले में अभी 26 आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जो फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा और किसी को भी बचने नहीं दिया जाएगा।
