बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी थाना क्षेत्र के भोना गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खाना बनाते समय गैस सिलेंडर अचानक फट गया। तेज धमाके के साथ उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित, टला बड़ा हादसा
ग्राम भोना निवासी अशरफ के घर में महिलाएं गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने मिलकर पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी हिम्मत दिखाते हुए आग बुझाने में सहयोग किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।
पुलिस ने कहा स्थिति सामान्य, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस के अनुसार, बहेड़ी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझा दी। इस घटना में किसी की जान नहीं गई है और इलाके में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। फिलहाल पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
