बरेली : फरीदपुर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन को लेकर अब मेडिसिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विमल भारद्वाज ने पूरे घटनाक्रम का विस्तार से खुलासा किया है। डॉक्टर के अनुसार विधायक को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी हालत अत्यंत गंभीर हो चुकी थी। डॉ. विमल भारद्वाज ने मीडिया को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि विधायक की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। जब चिकित्सकीय स्थिति की जानकारी ली गई, तो पता चला कि बीपी और पल्स नहीं आ रही थी। डॉक्टरों के बीच बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया कि यदि स्थिति स्थिर हो सके, तो उन्हें दिल्ली रेफर किया जाएगा, अन्यथा नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। इसी दौरान सूचना मिली कि बीसलपुर चौराहे के पास पहुंचते ही विधायक ने अंतिम सांस ले ली।
पहले भी कराया गया था इलाज
डॉ. भारद्वाज ने बताया कि हालत बिगड़ने पर विधायक को पहले सिविल लाइंस स्थित डॉक्टर गुप्ता के यहां इलाज के लिए ले जाया गया था, लेकिन उनकी स्थिति लगातार खराब होती चली गई। इसके बाद उन्हें मेडिसिटी हॉस्पिटल लाया जा रहा था।
अस्पताल पहुंचने से पहले मृत
जब विधायक को मेडिसिटी लाया गया, उस समय उनकी सांसें बंद हो चुकी थीं, बीपी, पल्स और हार्ट रेट पूरी तरह शून्य था। इसके बावजूद डॉक्टरों की टीम ने आखिरी प्रयास के तौर पर इंजेक्शन दिए, वेंटिलेटर लगाया और करीब 40 से 50 मिनट तक लगातार सीपीआर किया। डॉ. भारद्वाज ने बताया कि “एक बार दिल की धड़कन लौटी थी, जिससे थोड़ी उम्मीद जगी, लेकिन पुतलियां फैल चुकी थीं और हालत बेहद गंभीर थी।” अंततः तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टरों को उन्हें मृत घोषित करना पड़ा।
दिल्ली में हुई थी बाईपास
डॉ. विमल भारद्वाज ने बताया कि विधायक का इलाज पहले से दिल्ली के डॉक्टरों से चल रहा था और कुछ समय पहले उनकी सर्जरी भी हुई थी। परिजनों ने यह भी बताया कि घटना वाले दिन सुबह की दवा भी नहीं ली गई थी, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।
शिक्षाविद से जननेता तक का सफर
डॉ. श्याम बिहारी लाल फरीदपुर विधानसभा से दो बार विधायक रहे थे। इसके साथ ही वह एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में इतिहास विषय के प्रोफेसर भी रह चुके थे। उन्होंने लंबे समय तक अकादमिक और राजनीतिक क्षेत्र में संघर्ष किया।शुरुआती दिनों में उनका जुड़ाव मीडिया क्षेत्र से भी रहा था। वह प्रमुख अख़बारों से जुड़े रहे थे।
उनका जाना अपूरणीय क्षति
डॉ. विमल भारद्वाज ने कहा कि “डॉ. श्याम बिहारी लाल का जाना सिर्फ उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे फरीदपुर क्षेत्र और उत्तर प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।”विधायक के निधन से पूरे जिले में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संगठन मंत्री और प्रदेश सरकार के कई मंत्री व जनप्रतिनिधि परिवार से संवेदना व्यक्त करने पहुंचे हैं।
अंतिम संस्कार की तैयारी
विधायक का पार्थिव शरीर फरीदपुर स्थित पैतृक आवास ले जाया गया है। उनका अंतिम संस्कार स्टेशन रोड स्थित श्मशान भूमि में किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग उमड़ रहे हैं।
