बरेली : दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को होने वाली कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी सिलसिले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं यूपी के सह-प्रभारी तौकीर आलम बुधवार को बरेली के नावेल्टी चौराहा स्थित उपजा प्रेस क्लब पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत कर रैली के महत्व और उद्देश्य पर विस्तृत जानकारी दी।
BJP पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप
तौकीर आलम ने कहा कि“भारतीय जनता पार्टी संविधान को तार-तार कर रही है। चुनाव अब मज़ाक बन चुके हैं और लोकतंत्र पर गंभीर संकट है।”उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में चुनावी धांधली, मतदाता सूची में गड़बड़ियां, और ईवीएम को लेकर संदिग्ध घटनाएं लोकतंत्र की विश्वसनीयता पर प्रश्न उठाती हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार चुनाव में वोटिंग के दिन महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये भेजने जैसी घटनाएं भाजपा की “मनमानी और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग” का उदाहरण हैं।
“अब कांग्रेस सड़क पर संघर्ष करेगी”- तौकीर आलम
कांग्रेस प्रदेश सह-प्रभारी ने कहा कि राहुल गांधी की नेतृत्व वाली यह रैली देशव्यापी संघर्ष की शुरुआत है।
उन्होंने कहा“अब कांग्रेस का कार्यकर्ता घर में नहीं बैठेगा। हम सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेंगे। ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ की गूंज 14 दिसंबर से पूरे देश में सुनाई देगी।”उन्होंने यूपी से अधिकतम भागीदारी की अपील की और कहा कि यह रैली लोकतंत्र बचाने की निर्णायक आवाज बनेगी।
ऐतिहासिक होगी रैली-मिर्जा अशफाक सकलैनी
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि “जब -जब देश पर संकट आया है। राहुल गांधी ने आवाज उठाई है। भाजपा ने उन्हें परेशान जरूर किया, लेकिन वे कभी चुप नहीं हुए।”उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान की रैली कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक मोड़ साबित होगी।
CBI-ED का दुरुपयोग के रही है भाजपा: डॉ. के.बी. त्रिपाठी
प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व महापौर प्रत्याशी डॉ. के.बी. त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा लगातार राहुल गांधी और सोनिया गांधी को CBI-ED के माध्यम से परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि“एसआईआर की समय सीमा कम करके भाजपा चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है। विपक्ष को इसकी मंशा पर गंभीर शक है।”
“चुनावी सुधारों की मांग अनसुनी”- दिनेश दद्दा एडवोकेट
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावी सुधार पर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। इस दौरान जियाउर्रहमान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कृष्ण कांत शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल, पी सी सदस्य पंडित राज शर्मा, पीलीभीत कोडिनेटर चौधरी असलम मिया,रमेश श्रीवास्तव,जोया खान, मुकेश वाल्मीकि,मोबिन कुरैशी,नाहिद सुल्तान,सुरेश वाल्मीकी,रेहान बशीरी, तीरथ मधुकर,शकिर सकलैनी, देवेंद्र श्रीवास्तव, अयाज खान ,तबरेज खान, फरहान रजा, योगेश जौहरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।
