बरेली : यूपी के बरेली में बकाया राशि जमा न करने वालों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इसमें प्रीसियस बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड समेत चार बड़े बकायेदारों की चल-अचल संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। तहसील सदर प्रशासन ने राजस्व निरीक्षकों को संपत्तियों की लोकेशन और रजिस्ट्री विवरण जुटाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। तहसीलदार सदर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि “बकाया राशि वसूलने के लिए अब राजस्व वसूली अधिनियम के तहत सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।”
जानकारी के मुताबिक, प्रीसियस बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड पर 6.98 लाख रुपये का बकाया है,जबकि जीवन गंगवार और हरदेवी गंगवार के नाम से 13.96 लाख रुपये की बकायेदारी दर्ज की गई है।
कर्मचारी नगर की गीतांजलि सबसे बड़ी बकायेदार
सूत्रों के मुताबिक, कर्मचारी नगर निवासी गीतांजलि का नाम सबसे ऊपर है, जिन पर 29.75 लाख रुपये का बकाया बताया गया है। इसके अलावा सुभाष चंद्र उपाध्याय (कर्मचारी नगर) पर 9.23 लाख रुपये, सादिक हुसैन (बसंत विहार, रहपुरा) पर 9.07 लाख रुपये का बकाया दर्ज है। कुल मिलाकर चारों बकायेदारों पर 62 लाख रुपये से अधिक की वसूली का मामला है।
कई बार भेजे गए नोटिस, नहीं किया भुगतान
प्रशासन का कहना है कि इन सभी को कई बार नोटिस जारी कर भुगतान का अवसर दिया गया,लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी किसी ने राशि जमा नहीं की।
अब राजस्व वसूली अधिनियम (RRA) के तहत कुर्की और वसूली की कार्रवाई लागू की जा रही है।
मुनादी और नोटिस चस्पा की तैयारी
तहसील प्रशासन ने नेकपुर, बिलवा, बिथरी चैनपुर और रिठौरा क्षेत्र के राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे संबंधित संपत्तियों की विवरण रिपोर्ट,रजिस्ट्री रिकॉर्ड, और लोकेशन की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराएं। रिपोर्ट मिलते ही प्रशासन कुर्की की मुनादी कराएगा और संबंधित परिसंपत्तियों पर कुर्की नोटिस चस्पा किया जाएगा। अधिकारियों ने दी चेतावनी तहसील अधिकारियों ने कहा है कि “बकाया राशि जमा न करने वालों के खिलाफ अब किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। सरकारी राजस्व की वसूली प्राथमिकता है और कोई भी बकायेदार कार्रवाई से नहीं बचेगा।”
प्रशासनिक हलकों में चर्चा
इस कार्रवाई की खबर फैलते ही बकायेदारों में खलबली मच गई है। राजस्व विभाग के अधिकारी लगातार अपडेट लेकर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। कुर्की आदेश जारी होते ही प्रशासन की टीम मौके पर जाकर कार्रवाई करेगी।
