बरेली : अगर, आपको बैंक से जुड़े जरूरी काम निपटाने हैं, तो देर न करें। क्योंकि, त्योहारों के सीजन में बैंक छह दिन बंद रहने वाले हैं। जिससे नकद जमा, चेक निस्तारण और अन्य वित्तीय कार्यों में दिक्कत आ सकती है। ट्रेड यूनियंस फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा के मुताबिक अक्टूबर महीने में त्योहारों के कारण लगातार छुट्टियों का सिलसिला रहेगा। बैंक बंदी की पूरी लिस्ट इस प्रकार है। इसमें 19 अक्तूबर यानी रविवार को साप्ताहिक अवकाश,20 अक्तूबर सोमवार दिवाली, 22 अक्तूबर बुधवार गोवर्धन पूजा, 23 अक्तूबर गुरुवार को भाई दूज और भगवान चित्रगुप्त जयंती 25 अक्तूबर को होगी। इसके साथ ही शनिवार को महीने का चौथा शनिवार, और 26 अक्तूबर को रविवार साप्ताहिक अवकाश होगा। यानी कुल 6 दिन बैंक बंद रहेंगे। इस दौरान नकद जमा-भुगतान,केवाईसी, एफडी-आरडी और चेक निस्तारण जैसे काम प्रभावित रहेंगे।
ग्राहकों के लिए अलर्ट, 18 अक्तूबर तक करें जरूरी काम
बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्य 18 अक्तूबर तक ही निपटा लें, ताकि छुट्टियों के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। त्योहारों के कारण सरकारी और निजी दोनों बैंकों में समान रूप से अवकाश रहेगा।
बैंकों का दावा – एटीएम में कैश रहेगा फुल
त्योहारी सीजन में ग्राहकों की नकदी जरूरत को देखते हुए एटीएम में कैश फुल रखने की तैयारी कर ली गई है।
बैंक अधिकारियों ने कहा कि कैश लोडिंग एजेंसियों को पहले ही निर्देश दे दिए गए हैं कि त्योहारी दिनों में मशीनों में पर्याप्त नकदी उपलब्ध रहे। “ग्राहकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए एटीएम की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।”
यूनियन ने 21 अक्तूबर को भी अवकाश घोषित करने की मांग की
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के अध्यक्ष पी.के. महेश्वरी ने बताया कि 20 अक्तूबर (दिवाली) और 22 अक्तूबर (गोवर्धन पूजा) के बीच एक दिन का अंतर है। ऐसे में कर्मचारियों को अपने गृह जनपद से लौटकर एक दिन बैंक खोलना पड़ेगा, फिर अगले दिन दोबारा छुट्टी होगी। जिसके चलते बैंक कर्मियों ने “सरकार से 21 अक्तूबर को भी अवकाश घोषित करने की मांग की है, ताकि बैंकिंग स्टाफ लगातार त्योहार के दौरान अपने परिवारों के साथ रह सके.
जानकारों की राय, डिजिटल बैंकिंग बनेगी मददगार
बैंकिंग विशेषज्ञों का कहना है कि बंदी के दौरान ग्राहक नेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप और यूपीआई जैसे डिजिटल माध्यमों से अपने जरूरी वित्तीय लेन -देन कर सकते हैं। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी।
