बरेली: यूपी के बरेली जिले में किसानों को धान, गन्ना और अन्य फसलों के लिए जरूरी खाद (यूरिया, डीएपी, एनपीके, पोटाश और सुपर फास्फेट) समय पर और पर्याप्त मात्रा में मिल रही है। यह दावा किया है जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने, उनका दावा है कि अब तक 75% उर्वरक का वितरण पूरा हो चुका है, और बाकी स्टॉक समय पर किसानों के खेतों तक पहुंचाया जा रहा है।
कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई
योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कालाबाजारी और अवैध भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने मीडिया को बताया कि 6 खाद दुकानों के लाइसेंस रद्द, 13 दुकानों के लाइसेंस निलंबित, शेरगढ़ के मानपुर में एक व्यापारी पर एफआईआर दर्ज और लगातार छापेमारी और शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
सहकारी समितियों में डेढ़ गुना भंडार
एआर कोऑपरेटिव बृजेश सिंह परिहार के मुताबिक, जिले की 142 बहुउद्देशीय सहकारी समितियां, 3 सहकारी संघ, 3 क्रय-विक्रय समितियां, 6 डीएस केंद्र, 1 केंद्रीय उपभोक्ता भंडार और 1 यूपीएसएस केंद्र सक्रिय रूप से किसानों तक खाद पहुंचा रहे हैं। वर्तमान में यूरिया 2,40,577 बोरा, डीएपी 1,29,660 बोरा, एनपीके 1,33,240 बोरा, पोटाश 18,120 बोरा,सुपर फास्फेट 80,920 बोरा है। इसके साथ ही यूरिया 16,34,933 बोरा, डीएपी 2,01,500 बोरा, एनपीके 1,54,340 बोरा,पोटाश 30,560 बोरा, सुपर फास्फेट 10,140 बोरा वितरित हो चुका है।
