बरेली : कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को हनुमान जी की प्रतिमा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। भीम आर्मी के पदाधिकारी जब सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के कार्यालय में पहुंचे, तो उन्होंने वहां स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा देख आपत्ति जताई। उनका कहना था कि सरकारी कार्यालय में धार्मिक प्रतिमा की बजाय बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और महात्मा गांधी जैसी राष्ट्रीय हस्तियों की मूर्तियां होनी चाहिए। आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आपत्ति पर सिटी मजिस्ट्रेट ने कथित रूप से कहा-“मेरी जिसमें आस्था है, मैं उसी की प्रतिमा लगाऊंगा”। इस बयान के बाद माहौल गरमा गया और भीम आर्मी पदाधिकारी नारेबाजी करते हुए कार्यालय में ही धरने पर बैठ गए।
पुलिस ने किया शांत

घटना की सूचना पर सीओ प्रथम आशुतोष शिवम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। बताया जा रहा है कि भीम आर्मी पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद के 18 अगस्त को प्रस्तावित बरेली दौरे की अनुमति लेने सिटी मजिस्ट्रेट के पास पहुंचे थे, तभी यह विवाद शुरू हो गया।
