बरेली : यूपी के बरेली की कोतवाली थाना पुलिस और आर्मी इंटेलिजेंस की संयुक्त कार्रवाई में सरकारी और गैर-सरकारी विभागों की नकली मुहर बनाने और बेचने के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इंद्रा मार्केट से आरोपी अमानुद्दीन को गिरफ्तार किया। उसके पास से 34 गैर-सरकारी और 10 सरकारी मुहरें बरामद हुईं।
सूचना पर तुरन्त कार्रवाई
आर्मी इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी कि कोतवाली क्षेत्र में एक युवक संवेदनशील विभागों की नकली सील तैयार कर बेच रहा है। टीम ने आरोपी को ग्राहकों का इंतजार करते हुए रंगे हाथ दबोचा।
बरामद हुई संवेदनशील विभागों की सील
पुलिस ने आरोपी से आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस, कैंट बोर्ड बरेली, CMO गौतमबुद्ध नगर, SSP बरेली, DIOS, ग्राम पंचायत सचिव और कई स्कूलों की फर्जी सीलें बरामद कीं।
घर पर बनाता था फर्जी सील
आरोपी ने कबूल किया कि उसने बरेली कॉलेज से B.Com किया है, और पहले वैध मोहर बनाने का काम करता था। पत्नी की मौत के बाद ज्यादा कमाई के लिए वह नकली मुहरें तैयार करने लगा। वह असली मोहर की हूबहू कॉपी तैयार कर 500-₹1000 में बेच देता था।इंस्पेक्टर कोतवाली अमित पांडे के मुताबिक, आरोपी को जेल भेज दिया गया है और उसके नेटवर्क की जांच जारी है।
