उज्ज्वला लाभार्थियों के खातों में सीधा पैसा, 4.16 लाख परिवारों को राहत
बरेली : होली के शुभ अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ स्थित लोकभवन से बटन दबाकर किया।इस अवसर पर जनपद बरेली में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। यहां जिले के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रतीकात्मक चेक वितरण किया गया। जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, बरेली जनपद में कुल 4,16,736 उज्ज्वला लाभार्थियों के बैंक खातों में 36,29,77,056 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। ज्ञात हो कि राज्य सरकार द्वारा प्रति वर्ष होली और दीपावली पर एक-एक गैस सिलेंडर रिफिल निशुल्क प्रदान किया जाता है। 870.50 रुपये की रिफिल राशि में से 318 रुपये केंद्र सरकार और 552.50 रुपये राज्य सरकार द्वारा वहन किए जाते हैं।

उचित दर विक्रेताओं को भी लाभांश हस्तांतरण
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर बरेली जनपद के 1759 उचित दर विक्रेताओं को दिसंबर माह का 1,41,40,063 रुपये तथा जनवरी माह का 1,41,21,919 रुपये लाभांश उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किया गया है
कार्यक्रम में रहे ये जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डीएम अविनाश सिंह, एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
