मेरा युवा भारत के आयोजन में कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स समेत कई स्पर्धाएं, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने विजेताओं को किया पुरस्कृत
बरेली : मेरा युवा भारत, बरेली (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन 17 व 18 दिसंबर को रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, इज्जतनगर में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल रहीं। उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का माध्यम बनते हैं।
कबड्डी, खो-खो और एथलेटिक्स में दिखा खिलाड़ियों का जोश
प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी (बालक व बालिका वर्ग), खो-खो, लंबी कूद, ऊंची कूद, 100 मीटर व 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक और चक्का फेंक जैसी कई खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आलमपुर जाफराबाद, फरीदपुर, शेरगढ़, क्यारा और चाहरपुर सहित पांच विकासखंडों के विजेता प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कबड्डी और खो-खो के नतीजे

कबड्डी बालक वर्ग में इंडियन बॉय टीम, फरीदपुर विजेता रही। इसके साथ ही उपविजेता आलमपुर जाफराबाद की टीम रही। कबड्डी बालिका वर्ग में दुर्गा टीम, क्यारा विजेता रही। इसके साथ ही उपविजेता रानी लक्ष्मीबाई टीम थी।।खो-खो में विजेता चाहरपुर टीम, उपविजेता-शेरगढ़ की लक्ष्मीबाई टीम रही।
एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने जीते पदक

लंबी कूद (बालिका वर्ग) में।खुशबू, सोनम, प्रज्ञा, 400 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में सैंडी, ओमेंद्र, शिवांश, लंबी कूद (बालक वर्ग) में रवि, कृष्णा पाठक, शिवांग, 100 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग) में नीलम, आरती, शीला, गोला फेंक में कंचन यादव, सोनम, नीता, भाला फेंक में ममता, प्रिया, कीर्ति रही।
खेलों से जुड़कर आगे बढ़ रहा युवा भारत
कार्यक्रम का आयोजन उपनिदेशक पुष्पा सिंह (मेरा युवा भारत, बरेली) की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान भूपेंद्र सिंह, विशाल यादव, अनीता वर्मा, फिरोज सिद्दीकी, विमल कुमार, मानवेंद्र सिंह, विभिन्न युवा क्लबों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना, प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।
