हाफिजगंज में सड़क किनारे अतिक्रमण ढहाए, इज्जतनगर में अवैध शादी हाल…
बरेली : यूपी के बरेली में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। एक ओर जहां हाफिजगंज में बुलडोजर गरजा, वहीं दूसरी ओर इज्जतनगर क्षेत्र में अवैध बारात घर को सील कर दिया गया। हाफिजगंज के पीलीभीत बाईपास मार्ग पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। जेसीबी मशीनों से खोखे, टीन शेड और दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कई लोगों ने खुद ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ जगहों पर सख्ती भी करनी पड़ी। इस अभियान का नेतृत्व कोतवाल प्रवीण सोलंकी ने किया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
सड़क से कब्जा साफ, अवैध निर्माण सील

प्रशासन के मुताबिक, सड़क पर अतिक्रमण के चलते आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी। जिसे खत्म करने के लिए यह कदम उठाया गया। कार्रवाई के बाद बाईपास पर यातायात सुचारु हो गया है और स्थानीय लोगों ने इसे सराहनीय कदम बताया है। वहीं बरेली विकास प्राधिकरण ने भी सख्त रुख अपनाते हुए इज्जतनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। ग्राम तुलाशेरपुर, पीलीभीत बाईपास रोड पर बिना अनुमति के संचालित ‘रमा पैलेस’ नाम के अवैध बारात घर को सील कर दिया गया।बताया गया कि करीब 670 वर्गमीटर में फैले इस निर्माण को बिना स्वीकृति के तैयार किया गया था।
यह अफसर थे मौजूद
प्राधिकरण की टीम ने सहायक अभियंता गजेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 के तहत कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया। प्राधिकरण ने साफ चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के किए गए किसी भी निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि संपत्ति खरीदने से पहले उसकी स्वीकृति जरूर जांच लें।
