व्हाट्सएप पर आई फाइल डाउनलोड करते ही खाली हुआ बैंक खाता, साइबर सेल जांच में जुटी
बरेली : यूपी के बरेली से साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक छोटी सी लापरवाही भारी पड़ गई। शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के बल्ला कोठी निवासी सोहनलाल, जो भारतीय सेना में जवान हैं, उनके बैंक खाते से साइबर ठगों ने 1,32,795 रुपये उड़ा लिए। बताया जा रहा है कि 11 अप्रैल को सोहनलाल के व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसके बाद ठग ने एक APK फाइल भेजी। गलती से उनके बेटे ने वह फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद ठगों ने फोन को हैक कर यूपीआई के जरिए तीन बार में पूरी रकम निकाल ली।
एक क्लिक में खाता खाली
मोबाइल पर मैसेज आने के बाद मामले की जानकारी हुई, जिसके तुरंत बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और थाने में एफआईआर भी लिखाई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और साइबर क्राइम सेल मामले की जांच कर रही है।
अनजान फाइल से सावधान! नहीं तो खाली हो सकता है बैंक अकाउंट
साइबर एक्सपर्ट के अनुसार, अज्ञात स्रोत से आने वाली APK फाइलें बेहद खतरनाक होती हैं। इन्हें डाउनलोड करते ही हैकर्स को मोबाइल और उससे जुड़े बैंक खातों की जानकारी तक पहुंच मिल सकती है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि कभी भी अनजान लिंक या फाइल डाउनलोड न करें, मोबाइल में एंटी-वायरस रखें और बच्चों को भी ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
