सुबह 5 बजे धावा, सीआरपीएफ तैनात, खातों और कंप्यूटर डाटा की गहन जांच
बरेली : जिले के फरीदपुर क्षेत्र के भगवानपुर फुलवा गांव में गुरुवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब आयकर विभाग की कई गाड़ियां एक साथ पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्ट्री के गेट पर पहुंचीं। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में अधिकारियों ने परिसर में प्रवेश करते ही दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों में शांत इलाका सायरन और सुरक्षा हलचल से गूंज उठा। सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की करीब 10 टीमें अलग-अलग स्थानों पर एक साथ सक्रिय हुईं। फैक्ट्री से जुड़े आवासीय परिसरों और अन्य औद्योगिक इकाइयों पर भी समन्वित कार्रवाई की गई। प्राथमिक तौर पर यह जांच टैक्स अनुपालन और संभावित कर अनियमितताओं से जुड़े मामलों में की जा रही है।
यूपी से उत्तराखंड तक फैले कारोबारी ठिकाने जांच के दायरे में
बताया जा रहा है कि कार्रवाई केवल फरीदपुर स्थित इकाई तक सीमित नहीं है। कारोबारी नेटवर्क के अन्य ठिकाने, जो उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड में भी बताए जा रहे हैं, जांच के दायरे में हैं। विभागीय टीमें खातों, लेजर, स्टॉक रजिस्टर, बैंकिंग ट्रेल और कंप्यूटर/सर्वर डाटा की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही। परिसर के बाहर और भीतर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान तैनात किए गए, ताकि जांच प्रक्रिया निर्बाध रूप से चल सके। बाहरी लोगों के प्रवेश पर अस्थायी रोक रखी गई।
मजदूर लौटे, दिनभर उत्पादन ठप
सुबह की शिफ्ट में पहुंचे मजदूरों को फैक्ट्री गेट से ही वापस कर दिया गया। छापेमारी के चलते पूरे दिन उत्पादन कार्य ठप रहा। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों के अनुसार मजदूरों के प्रवेश पर उनकी ओर से कोई प्रतिबंध नहीं था; प्रबंधन ने एहतियातन कामकाज रोकने का निर्णय लिया।
कारोबारी हलकों में हलचल, आधिकारिक बयान का इंतजार
हाई-प्रोफाइल रेड के बाद औद्योगिक क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज है। कारोबारी वर्ग में भी सतर्कता और बेचैनी देखी जा रही है। देर शाम तक विभाग की ओर से औपचारिक।बयान जारी नहीं किया गया था। जांच पूरी होने के बाद ही किसी संभावित कर देनदारी, पेनाल्टी या आगे की कानूनी कार्रवाई पर स्पष्टता आने की संभावना है। फिलहाल, फरीदपुर की यह प्लाई फैक्ट्री आयकर जांच के साये में है और सभी की निगाहें आगे की आधिकारिक अपडेट पर टिकी हैं।
