बरेली : यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद ने बरेली सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान।कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर खुलकर अपनी राय रखी।उनके बयान सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
कांग्रेस को कार्यकर्ताओं के सम्मान की नसीहत
मीडिया द्वारा सवाल किए जाने पर कि कांग्रेस ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के सम्मान में मैदान में होने की बात कही है। इस पर मंत्री संजय निषाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सबसे पहले अपने उन कार्यकर्ताओं के सम्मान में मैदान में उतरना चाहिए, जिन्होंने पार्टी को करीब 70 साल तक सत्ता में बनाए रखा। मंत्री ने इशारों में कहा कि कांग्रेस ने अपने ही जमीनी कार्यकर्ताओं को भुला दिया है।
अखिलेश यादव के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भाजपा पर लगाए गए “डकैती” के आरोपों पर संजय निषाद ने सख्त रुख अपनाया।उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करना ठीक नहीं है। देश लोकतंत्र और कानून से चलता है। देश का पैसा जनता का होता है, और यह तय करने की एक संवैधानिक व्यवस्था है कि वह पैसा कहां और कैसे खर्च किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता कि कुछ लोग अमीर होते जाएं और बाकी जनता पीछे छूट जाए।
कानूनी मामलों पर टिप्पणी से परहेज
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े कानूनी मामले पर सवाल पूछे जाने पर मंत्री ने संतुलित बयान दिया।उन्होंने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप कोई भी लगा सकता है, लेकिन जब मामला न्यायालय में होता है, तो उस पर बयानबाजी करना ठीक नहीं है। कानून अपना काम करता है और सभी को न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए।
नई पार्टी बनाना लोकतांत्रिक अधिकार
बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री द्वारा नई राजनीतिक पार्टी बनाए जाने के सवाल पर संजय निषाद ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को वोट देने और वोट मांगने का अधिकार है।पार्टी देश के कानून से चलती है, लेकिन उसकी पहचान और दिशा उसकी विचारधारा से तय होती है। उन्होंने कहा कि नई पार्टी बनना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है।
