बरेली : यूपी के बरेली देहात की शाही थान पुलिस ने घर में चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने उनके कब्जे से 3 लाख से अधिक नकद, अवैध हथियार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपी चोरी की रकम लेकर दिल्ली भागने की तैयारी में थे।
आजमनगर में हुई थी घर में चोरी
नगर पंचायत शाही के मोहल्ला आजमनगर में चाँद बाबू के घर का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। चोर सोने-चाँदी के जेवरात और 28 हजार नकद लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद थाना शाही में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में शामिल बदमाश जेवरात बेचकर मिली रकम लेकर मोटरसाइकिल से दिल्ली जाने की फिराक में हैं। इसके बाद बीएसएनएल चौराहे के पास घेराबंदी की गई
भागने पर पुलिस से हुई मुठभेड़
पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर शाही-मिर्जापुर रोड पर श्मशान के पास कच्चे रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी इमरान के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दोनों आरोपी पुराने अपराधी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी इमरान और तौफीक शातिर किस्म के अपराधी हैं। इमरान के खिलाफ पहले से 13 और तौफीक के खिलाफ 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों लंबे समय से घर में चोरी और अन्य अपराधों में शामिल रहे हैं।
3 लाख से ज्यादा नकद, हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, 3,00,320 नकद और एक बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बुर्का और मास्क पहनकर चोरी की थी और जेवरात कस्बा शाही के सुनारों को बेच दिए थे, जिन्होंने उन्हें गलाकर सोने-चाँदी की टिक्कियों में बदल दिया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस मामले में सामने आए अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शाही पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
