बरेली : यूपी के बरेली में होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा-2025 के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। यहां एक अभ्यर्थी दूसरे के नाम पर परीक्षा देता हुआ पकड़ा गया। इसके बाद मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।
परीक्षा के दौरान हुआ शक, बायोमेट्रिक में खुली पोल
शहर के साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज, बरेली में चल रही परीक्षा के दौरान पुलिस को एक अभ्यर्थी संदिग्ध लगा। बायोमेट्रिक जांच के दौरान शक गहरा गया। इसके बाद उसकी गहन जांच की गई और मामला सामने आ गया।
आरोपी की पहचान और चौंकाने वाला खुलासा
जांच में पता चला कि आरोपी अनुराग निवासी हरिहरपुर,थाना टड़ियावां, हरदोई है। उसने एक दिन पहले यानी 25 अप्रैल को भी दूसरे नाम धर्मेंद्र सिंह से एक अन्य केंद्र पर परीक्षा दी थी।
पूछताछ में कबूला जुर्म, फर्जीवाड़े की पुष्टि
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह मान लिया। उसने जानबूझकर दूसरे के नाम पर परीक्षा देकर फायदा उठाने की कोशिश की, जिससे परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज, जेल भेजने की तैयारी
इस मामले में थाना कोतवाली में कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
