सपा प्रमुख ने उठाए तीखे सवाल- FIR में देरी, पोस्टमार्टम पर शक, पीड़ित परिवार पर दबाव का आरोप, सीएम को बताया सबसे कमजोर मुख्यमंत्री…
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गाजीपुर की बेटी के हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार पर दबाव डालकर बयान बदलवाने की कोशिश कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा, “बयान बदलवाने से सच नहीं बदलता है”, और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री को अब तक का “सबसे कमजोर” बताया।
सब जानते हैं हुआ क्या है..
सपा प्रमुख ने घटना को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने FIR दर्ज करने में देरी को लेकर पूछा कि ये देरी क्यों हुई?। पीड़ित परिवार के बयान क्यों बदलवाए गए? परिवार पर दबाव क्यों बनाया जा रहा है?पुलिस पर पथराव करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल क्यों उठ रहे हैं?उन्होंने कहा कि गांव के लोगों को सच्चाई मालूम है, चाहे रिपोर्ट कुछ भी कहे। अखिलेश यादव ने इस घटना की तुलना हाथरस कांड से करते हुए कहा कि यह उसी तरह का दोहराव है, जहां पीड़ित परिवार कमजोर वर्ग से और आरोपी प्रभावशाली वर्ग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पीडीए समाज में गुस्सा
उन्होंने कहा कि इस घटना से पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज में भारी आक्रोश है और भाजपा का “झूठ” अब जनता के सामने आ चुका है। अखिलेश यादव ने कहा कि केवल कानून-व्यवस्था नहीं, बल्कि “सामाजिक न्याय का राज” जरूरी है। उन्होंने इसे “असली आज़ादी का आंदोलन” बताते हुए कहा कि जब तक समाज में भेदभाव खत्म नहीं होगा, तब तक न्याय अधूरा रहेगा।
