NB ब्रांड के नाम पर ठगी-निहाल स्पोर्ट्स से नकली जूतों का जखीरा बरामद
बरेली : शहर के बारादरी कोतवाली थाना क्षेत्र से ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली जूते… और ग्राहकों को हजारों का चूना लगाने का मामला सामने आया है! संजय नगर स्थित ‘निहाल स्पोर्ट्स’ दुकान पर पुलिस ने छापा मारकर भारी मात्रा में नकली जूतों का स्टॉक बरामद किया। पुलिस ने दुकानदार मोहम्मद निहाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
नकली जूतों पर लगाता था ‘NB’ का ब्रांड लोगो
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने मीडिया को बताया कि आरोपी निहाल ने पूछताछ में कबूल किया कि वह NB (New Balance) कंपनी के असली जूते बताकर नकली जूते बेचता था। कंपनी के असली जूतों की कीमत 5,000 से 30,000 तक होती है, जबकि वह नकली जूते 1,800 से 2,500 में देता था। जूतों पर NB का नकली लोगो चिपकाकर ग्राहकों को यकीन दिलाता था और कहता था-“GST चोरी करके सीधे कंपनी से माल मंगवाया है!
कंपनी के हेल्पलाइन पर बढ़ती शिकायतों से खुलासा
निहाल द्वारा बेचे गए नकली जूतों में अक्सर खराबी आ जाती थी। ग्राहक इसे कंपनी का उत्पाद मानकर कंपनी के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने लगे, जब शिकायतों की संख्या बढ़ी तो NB कंपनी के अधिकारी अंकित सिंह खुद बरेली पहुंचे। उन्होंने दुकान की जांच की तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया। अंकित सिंह ने बारादरी थाने में पहुंचकर कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा, जखीरा जब्त
शिकायत मिलते ही बारादरी पुलिस ने दुकान पर रेड मारी और नकली जूतों का भारी स्टॉक बरामद किया। निहाल को तुरंत गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि शहर में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बेचने वालों पर अब बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
