बरेली : त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण अभियान के तहत उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची के सत्यापन/विलोपन में जनपद बरेली ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। यह कार्य बरेली प्रशासन ने आयोग द्वारा निर्धारित तिथि 24 नवंबर से एक दिन पहले ही 23 नवंबर 2025 को पूरा कर दिया। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा बरेली को कुल 3,94,886 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराई गई थी। इन सभी प्रविष्टियों के घर-घर सत्यापन का कार्य बीएलओ द्वारा SDM/AERO/तहसीलदार/बीडीओ एवं नोडल अधिकारियों की कड़ी निगरानी में संचालित किया गया।
दो चरणों की वीडियोकॉन्फ्रेंसिंग, फिर डीएम की मैराथन बैठकें
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने इस महत्वपूर्ण कार्य की दो बार वीडियोकॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा कर 24 नवंबर, 2025 तक फीडिंग पूरी करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद में आयोग ने समय सीमा बढ़ाकर 10 दिसंबर कर दी, लेकिन बरेली प्रशासन ने निर्धारित तिथि से पहले ही कार्य पूरा कर मिशन मोड में अपनी दक्षता साबित की। डीएम ने सभी SDM/AERO, तहसीलदार, बीडीओ और ADM के साथ बैठक कर प्रगति की गहन समीक्षा की।वीआरसी (VRC) पर आ रही तकनीकी समस्याओं को समझने हेतु डीएम ने स्वयं सभी वीआरसी ऑपरेटरों के साथ बैठक की और आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश SDM को दिए।
ADM को सौंपी सतत निगरानी, डीएम के औचक निरीक्षण से बढ़ी रफ्तार
तहसील-स्तर पर फीडिंग की निरंतर निगरानी हेतु ADM (प्रशासन), ADM (नगर) और ADM (न्यायिक) को दो-दो तहसीलों की जिम्मेदारी दी गई। डीएम व ADM (वि./रा.) ने विभिन्न वीआरसी का औचक निरीक्षण कर फीडिंग कार्य की स्थिति परखकर त्वरित निर्णय लिए। जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) की टीम को भी तहसीलों में भेजकर तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया गया।
अभियान का परिणाम-3,06,790 प्रविष्टियां सही, 88,196 मतदाता सूची से हटाए गए
अभियान के अंतर्गत कुल संभावित डुप्लीकेट मतदाता-3,94,886 थे। इनमें से सत्यापन में सही पाए गए 3,06,790, डुप्लीकेट पाए गए और सूची से विलोपित किए गए 88,196 थे। बरेली ने इस महत्वपूर्ण एवं तकनीकी रूप से जटिल फीडिंग कार्य को रिकॉर्ड समय में पूरा कर सूचना प्रबंधन और फील्ड सर्वेक्षण की उत्कृष्ट क्षमता प्रदर्शित की।
डीएम ने टीम को दी बधाई
प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर डीएम द्वारा समस्त ADM, SDM, तहसीलदार, बीडीओ, सभी VRC ऑपरेटर एवं जिला निर्वाचन कार्यालय की टीम को बधाई दी गई। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीम वर्क, अनुशासन, त्वरित समस्या निवारण और सतत मॉनिटरिंग का परिणाम है
