लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोएडा में एक टीचर के इस्तीफे के बाद प्रदेश के सभी 1.62 लाख BLO को खुला पत्र लिखा। उन्होंने इसे दैनिक भास्कर की खबर के हवाले से X पर साझा किया। अखिलेश ने पत्र में लिखा कि SIR ड्यूटी के दौरान BLO के साथ अमानवीय व्यवहार और मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। भाजपा ने नई नौकरियां नहीं दी और जो हैं उन्हें इतना कठिन बना दिया कि कर्मचारी हताश होकर नौकरी छोड़ दें।
उन्होंने कहा कि यह सब भाजपा के चुनावी महाघोटाले के लिए किया जा रहा है, लेकिन BLO इस सियासी गड़बड़ी का खामियाजा क्यों भुगतें। अखिलेश ने BLO से अपील की कि वे एकजुट रहें और अपनी आवाज़ उठाएं, लेकिन किसी भी क़दम से परिवार प्रभावित न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर क्रूर शासन का अंत होता है और लोकतंत्र में सच्चाई हमेशा बनी रहती है।

नोएडा टीचर ने SIR ड्यूटी से इस्तीफा दिया
नोएडा सेक्टर-34 की महिला टीचर पिंकी सिंह ने SIR ड्यूटी से तंग आकर इस्तीफा दे दिया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने 215 फॉर्म पूरा कर दिए हैं और अब BLO का काम नहीं कर सकती। उन्हें रॉकवुड स्कूल में मतदान केंद्र की जिम्मेदारी दी गई थी। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने कहा कि उन्हें अभी तक कोई आधिकारिक इस्तीफा नहीं मिला।

अखिलेश का आरोप: यूपी में वोट कट सकते हैं 1.5–2 करोड़
अखिलेश यादव ने 22 नवंबर को आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के जरिए सपा के मजबूत वोट बैंक वाले क्षेत्रों में 50,000 तक वोट काटे जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत के कारण यह साजिश रची जा रही है।
