अटल स्मृति सम्मेलन में नेताओं की हुंकार, बोले-देश को दिशा देने वाले दूरदर्शी नेता थे अटल
बरेली : अर्बन हॉट सोमवार को अटलमय हो उठा। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल जी के विचारों, विकास दृष्टि और दूरदर्शिता को याद किया। सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे नेता थे जिन्होंने देश को केवल सरकार नहीं, बल्कि एक स्पष्ट दिशा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सोच आज भी देश के विकास की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अटल जी की दूरदर्शिता का जीवंत उदाहरण है। जिसने गांवों को शहरों से जोड़कर ग्रामीण भारत की तस्वीर बदल दी। उन्होंने कहा, “जहां सड़क पहुंची, वहां विकास अपने आप पहुंच गया।”
इंटरनेट क्रांति रखी थी नींव
जल शक्ति मंत्री ने कहा कि आज जिस मोबाइल और इंटरनेट क्रांति पर देश गर्व करता है, उसकी नींव भी अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में रखी गई थी। दूरसंचार क्षेत्र में लिए गए फैसलों ने गांव के अंतिम व्यक्ति को भी दुनिया से जोड़ दिया। यही कारण है कि अटल जी का कार्यकाल आज भी स्वर्णिम युग के रूप में याद किया जाता है। इस मौके पर ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी राजनीति में मर्यादा, संवाद और सहमति के प्रतीक थे।
विद्रोहियों को देते थे सम्मान

ब्रज के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा- उन्होंने विरोधियों को भी सम्मान देना सिखाया। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति को अटल जी के संस्कारों और मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है। बरेली के मेयर उमेश गौतम ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और जनहित को राजनीति से ऊपर रखा। अटल जी का जीवन और कार्य हर जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणा है।
सम्मेलन में महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, भाजपा नेता गुलशन आनंद सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। पूरे सम्मेलन में अटल जी के नाम और उनके कार्यों की गूंज सुनाई देती रही।
