डीडीपुरम बलिदान चौक पर आक्रोश, मोहम्मद युनुस के खिलाफ नारेबाजी
बरेली: बांग्लादेश में एक समुदाय पर कथित अत्याचार के विरोध में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बरेली में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन डीडीपुरम बलिदान चौक पर किया गया। यहां कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश की वर्तमान सत्ता व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी कर मोहम्मद युनुस का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान एक समुदाय पर अत्याचार नहीं सहेंगे” जैसे नारे लगाए गए। मौके पर बड़ी संख्या में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विहिप ने यह लगाए आरोप
विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह सोम ने आरोप लगाया कि “बांग्लादेश में जब से मोहम्मद युनुस के हाथ में सत्ता आई है, तब से योजनाबद्ध तरीके से और सरकार के संरक्षण में एक समुदाय पर अत्याचार किए जा रहे हैं।”उन्होंने कहा कि विहिप और बजरंग दल इन घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्मादी भीड़ किसी भी देश का भला नहीं कर सकती
बजरंग दल के महानगर मंत्री संजय शुक्ला ने आरोप लगाते हुए कहा कि “उन्मादी भीड़ किसी भी देश का भला नहीं कर सकती। ऐसी घटनाएं समाज और देश को विनाश की ओर ले जाती हैं।”वहीं, महानगर संयोजक केवलानंद गौड़ ने कहा कि “बजरंग दल का हर कार्यकर्ता हिंदू समाज की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।”
यह की भारत सरकार से मांग
प्रदर्शन के दौरान विहिप और बजरंग दल की ओर से भारत सरकार से मांग की गई कि बांग्लादेश को दिए जाने वाले चावल, पानी और बिजली की आपूर्ति पर पुनर्विचार किया जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना किसी भी तरह की सहायता पर रोक लगाई जानी चाहिए। प्रदर्शन में महानगर उपाध्यक्ष परम केसवानी,विभाग सह संयोजक आर्यन चौधरी,गौ रक्षा प्रमुख आशीष शर्मा,सह संयोजक आशीष सक्सेना,विद्यार्थी प्रमुख निखिल गंगवार,सुरक्षा प्रमुख आर्यन खटीक सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। स्थिति शांतिपूर्ण रही और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहा।
