नमाज पढ़ कर मस्जिद से बाहर निकलते नमाजी
बरेली : यूपी के बरेली में शुक्रवार को जुमा की नमाज शांति और सुरक्षा के पूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। शहर की 1360 मस्जिदों के इमाम ने नमाजियों से अमन (शांति) बनाए रखने की अपील के साथ नमाज अदा की। मस्जिदों से साफ संदेश गया कि हर तरह की खुराफात से बचें और नमाज पढ़ने के बाद सीधे घर लौटें।
शांति की मिसाल, कम भीड़, बंद बाजार
शहर की नौंमहला और बिहारीपुर करोलान मस्जिद में अपेक्षाकृत कम भीड़ देखी गई। इसका मुख्य कारण था कि यहां के बाजार बंद थे। पिछली जुमे की नमाज के दौरान यहां भीड़ एकत्र हुई थी, जिससे बवाल हुआ था। इस बार दरगाह के उलमा ने भी नमाजियों से शांति बनाए रखने और सीधे घर लौटने की अपील की। प्रशासन और पुलिस अफसर भी शांति स्थापित करने को कई दिन से जुटे थे।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
पुलिस और प्रशासन ने शहर में हाई अलर्ट जारी किया था। ड्रोन से निगरानी की जा रही थी, खासकर संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में। शहर को चार सुपर जोन और चार स्पेशल जोन में बांटा गया। इसके साथ ही सुरक्षा के लिहाज से 4 एसपी, 19 एएसपी, 29 सीओ, 180 इंस्पेक्टर, 550 दरोगा, 4800 बरेली पुलिस के सिपाही व दीवान, 2000 दूसरे जिलों से आए सिपाही व दीवान, 10 कंपनियां पीएसी व आरआरएफ (अनुमानित 1200 जवान), 200 पुलिसकर्मी व खुफिया अमले के लोग सादे कपड़ों में भीड़ के बीच नजर बनाए रखेंगे।
इंटरनेट सेवा बंद, अफवाहों पर कड़ी नजर
शहर के संवेदनशील इलाकों में अफवाह फैलने की आशंका के चलते इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। एसएसपी अनुराग आर्य ने मीडिया को बताया कि अब तक मिली भ्रामक पोस्ट पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरेली जोन के आठ अन्य जिलों से आई पुलिस फोर्स और पीएसी को एहतियातन रोका गया।

सबसे पहले जामा मस्जिद में नमाज सकुशल संपन्न
शहर की जामा मस्जिद में सबसे पहले नमाज शांति और सकुशल संपन्न हुई। मीडियाकर्मियों ने मस्जिदों के अन्दर घुसने की कोशिश की। मगर, उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। नमाजियों को दो बार अपील की गई कि नमाज पढ़कर सीधे घर लौटें।
अमन की तरफ लौटा शहर
दोपहर तक लगभग सभी मस्जिदों में नमाज संपन्न हो गई। कुतुबखाना, आजमनगर, बिहारीपुर और पुराना शहर के सभी मस्जिदों में शांतिपूर्ण नमाज हुई। सिर्फ दरगाह आला हजरत की मस्जिद में नमाज रह गई थी। यहां सबसे अंत में नमाज होती है। हालांकि, बाजारों में आम दिनों की तरह चहल-पहल रही।
