बदायूं/बरेली : भ्रष्टाचार के खिलाफ बरेली एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई कर तहसील बिसौली में तैनात एक राजस्व लेखपाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई ग्राम फैजगंज बेहटा के बाहर नवनिर्मित गौशाला के पास की गई। बताया जाता है कि शिकायतकर्ता ओमप्रकाश, निवासी ग्राम जखोरा जौहरपुर को वर्ष 2005 में आबादी का प्लॉट आवंटित हुआ था। आरोप है कि उसी प्लॉट पर कब्जा दिलाने के बदले लेखपाल सतीश चंद्र शर्मा ने उससे 5 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान होकर ओमप्रकाश ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन होने के बाद एंटी करप्शन टीम की ट्रैप टीम ने पूरे मामले की योजना बनाई।
पैसे लेते ही रंगे हाथ पकड़ा
ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में तय योजना के तहत जैसे ही लेखपाल ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।
भ्रष्टाचार अधिनियम में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी लेखपाल के खिलाफ बदायूं के थाना सिविल लाइन,में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
