बरेली : यूपी के बरेली शहर कोतवाली क्षेत्र के मठ चौकी इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मामूली कहासुनी के बाद चार दबंगों ने घर के दरवाजे पर बैठे 25 वर्षीय नितिन पर डंडों और बेल्ट से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नितिन को परिजनों ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।पीड़ित की मां यशोदा देवी ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनका बेटा नितिन रविवार रात लगभग 11:30 बजे घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले के राहुल, अंकित और उनके दो अन्य साथियों ने उसे घेर लिया। जानकारी के अनुसार, राहुल अपनी साली शिवानी को छोड़ने आया था। रास्ते में किसी बात पर कहासुनी हुई। इसके बाद चारों ने नितिन पर हमला कर दिया।
बेल्ट, और लाठी डंडों से पिता
परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने बेल्ट और डंडों से बेरहमी से पीटा। चीख-पुकार सुनकर घर वाले मौके पर पहुँचे, लेकिन तब तक आरोपी लहूलुहान नितिन को छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिवार ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन एक सप्ताह इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कोतवाली इंस्पेक्टर अमित पांडे ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
