सुभाषनगर क्षेत्र में किशोरी ने की आत्महत्या, पहले भी पड़ोसी युवक पर प्रेम जाल में फंसाने का लगा था आरोप, घर से जेवर-नकदी गायब
बरेली : शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आठवीं कक्षा की छात्रा का शव उसके घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी युवक साहिल ने किशोरी को प्रेम जाल में फंसा लिया था। 17 अगस्त को वह उसे बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया। परिजनों ने उस समय पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद किशोरी बालामऊ स्टेशन के पास बरामद हुई थी। युवक के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई।
आरोपी की मां ने दी थी धमकी
परिजनों ने आरोप लगाया कि रविवार शाम साहिल की मां उनके घर आई थी, और किशोरी को धमकी देकर चली गई। आरोप है कि धमकी से आहत होकर किशोरी ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार को जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा। किशोरी का शव फंदे से लटक रहा था। घर में रखे जेवर, और एक लाख से ज्यादा नकदी भी गायब है। इसकी चोरी का शक साहिल पर जताया गया है।
जानें क्या बताया पुलिस ने
पुलिस ने मीडिया को बताया कि घटना की जांच की जा रही है। थाना सुभाषनगर के प्रभारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
