बरेली : यूपी की बरेली पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल एक बड़े गिरोह पर कार्रवाई कर उसके 5 सदस्यों को माफिया घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से अवैध शराब की तस्करी कर रहा था और इससे मोटा मुनाफा कमा रहा था। अब इन लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और उनकी संपत्तियों की भी जांच होगी।
कौन है गिरोह का सरगना?
पुलिस के मुताबिक शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के रहने वाले मनोज कुमार जायसवाल इस गिरोह का मुखिया है। जांच में सामने आया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध शराब का कारोबार चला रहा था। पुलिस का कहना है कि गिरोह की गतिविधियां समाज और कानून-व्यवस्था के लिए नुकसानदायक थीं, इसलिए इसे माफिया के रूप में चिन्हित किया गया है।
गिरोह में शामिल हैं ये 5 लोग
पुलिस द्वारा चिन्हित इस गिरोह का सरगना बारादरी थाना क्षेत्र की ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी मनोज कुमार जायसवाल है। उसके अलावा गिरोह में उन्नाव जिले के गांधीनगर निवासी अशोक दीक्षित, बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र के न्यू बृजलाल नगर निवासी अजय जायसवाल, आजमगढ़ जिले के शिवपुरम गढ़वान निवासी अरुण कुमार पाण्डेय और फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी संजय कुमार शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक ये सभी लोग किसी न किसी रूप में अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। सभी को माफिया चिन्हीकरण संख्या म-17/2026 के तहत सूचीबद्ध किया गया है।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरोह के कई सदस्यों पर पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अवैध शराब तस्करी, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, आईटी एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे मामले शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से अवैध गतिविधियों में शामिल रहा है।
अब संपत्तियों की भी होगी जांच
पुलिस ने बताया कि गिरोह की कमाई और संपत्तियों की जांच भी की जाएगी। अगर अवैध तरीके से बनाई गई संपत्ति मिलती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बरेली पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी, संगठित अपराध और समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
