CCTV खंगालती रही पुलिस, पिता ही बेटियों को ले गया रिश्तेदार के घर, सभी बच्चियां सुरक्षित
बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सिकलापुर मेले में घूमने गई चार नाबालिग लड़कियां अचानक लापता हो गईं। देर रात तक बच्चियों के घर न लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही थाना बारादरी पुलिस हरकत में आई और इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित कर तलाश शुरू की गई।पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और हर संभावित स्थान पर छानबीन की।
CCTV से खुला पूरा राज
जांच के दौरान सामने आया कि दो बच्चियां अपने पिता के साथ जाती हुई दिखाई दीं, जिनके साथ दो अन्य लड़कियां भी थीं। इसके बाद पुलिस ने पिता से संपर्क किया और मामले की सच्चाई सामने आई।
पिता ही ले गया बच्चियों को
पूछताछ में पता चला कि पारिवारिक विवाद के चलते पिता अपनी बेटियों को मेले से अपने साथ ले गया और इज्जतनगर के अहलादपुर स्थित रिश्तेदार के घर छोड़ आया। इसमें साथ गई अन्य दो बच्चियां भी वहीं रुक गईं।
सुबह 4 बजे सभी बच्चियां बरामद
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इज्जतनगर क्षेत्र में दबिश दी और रविवार सुबह करीब 4 बजे चारों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सभी बच्चियां पूरी तरह सुरक्षित हैं। आगे की प्रक्रिया के तहत उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर विधिक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद जहां परिजनों ने राहत की सांस ली, तो वहीं पुलिस की तत्परता से एक बड़ा मामला टल गया।
