सपा प्रमुख बोले – PDA की ताकत और संविधान बचाने का दिया संदेश, दिल्ली तक जाएगी बदलाव की लहर,सरकार बनी तो महिलाओं को 40 हजार का वायदा
दादरी/नोएडा : यूपी के दादरी में आयोजित जनसभा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक संकेत दिया। उन्होंने मंच से कहा कि “बीजेपी की उत्तर प्रदेश से छुट्टी होकर अब दिल्ली से भी छुट्टी तय है।” सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल जनता के मुद्दों से भटकाने और सरकारी मशीनरी के सहारे राजनीति कर रहा है।
महिलाओं को देंगे 40 हजार

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने महिलाओं के लिए “स्त्री समृद्ध सम्मान योजना” का ऐलान करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर गरीब महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही 1090 सेवा को और मजबूत करने और समाजवादी पेंशन योजना दोबारा शुरू करने की भी बात कही।
15 लाख खाते में, और 2 करोड़ युवाओं को रोजगार जुमला

सपा प्रमुख ने कहा कि BJP सिर्फ वादे करती है, लेकिन जमीन पर काम नहीं होता।“15 लाख, हर साल करोड़ों नौकरी- सब जुमले निकले”। सरकारी नौकरियां देने के बजाय पेपर लीक कराए जाते हैं। कुछ पूंजीपतियों के लिए काम हो रहा है, आम जनता परेशान है”। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है और रैलियों की हकीकत अब जनता के सामने आ रही है।
संविधान PDA के लिए जीवन मरण का सवाल
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने डॉ.बीआर अम्बेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान सबसे मजबूत दस्तावेज है, और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के लिए इसकी रक्षा “जीवन-मरण का सवाल” है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें संविधान को बदलने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन जनता ने उन्हें 2024 में जवाब दे दिया।
सड़कें, एक्सप्रेसवे और बेहतर पुलिस सिस्टम दिया
नोएडा के विकास पर बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी सरकार के काम को कोई भुला नहीं सकता।“हमने सड़कें, एक्सप्रेसवे और बेहतर पुलिस सिस्टम दिया”।आज भी लोग बदलाव चाहते हैं। अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए कहा कि सत्ता में आने पर इसे खत्म किया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को स्थायी रोजगार नहीं मिल रहा और आउटसोर्सिंग व्यवस्था बढ़ रही है।
सामाजिक न्याय की लड़ाई
पूर्व सीएम ने PDA एकता पर जोर देते हुए कहा कि यह सिर्फ चुनावी गठबंधन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की लंबी लड़ाई है। बोले – PDA की मुहीम सिर्फ एक दो चुनाव की नहीं है, सदियों से जो उत्पीड़न हो रहा उससे लड़ने की है। इस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी, सांसद इकरा हसन, विधायक अतुल प्रधान, पूर्व विधायक जावेद आब्दी समेत तमाम नेता मौजूद थे।
