प्रयागराज : उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी) भर्ती परीक्षा-2025 के तहत कला, संगीत, कृषि और उर्दू विषयों की मुख्य परीक्षा के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 मार्च से शुरू होगी। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने ओटीआर नंबर के माध्यम से लॉगिन कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने और ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 13 अप्रैल निर्धारित की गई है। शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या यूपीआई के जरिए किया जा सकेगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान यदि किसी प्रकार की त्रुटि होती है, तो उसे सुधारने का केवल एक ही मौका दिया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को फॉर्म भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को उसका प्रिंटआउट निकालना अनिवार्य होगा। इस प्रिंटआउट के साथ सभी जरूरी दस्तावेज जैसे अंक तालिकाएं, डिग्री और आरक्षण से संबंधित प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करनी होंगी।
इसके अलावा, आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आयोग के कार्यालय में जमा करना भी जरूरी है। अभ्यर्थियों को यह हार्ड कॉपी 20 अप्रैल शाम 5 बजे तक पंजीकृत डाक या व्यक्तिगत रूप से जमा करनी होगी। अनुसचिव शैलेंद्र सिंह ने साफ किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पत्र पर विचार नहीं किया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।
