बरेली : यूपी के बरेली शहर के बिथरी चैनपुर थाने में तैनात 26 वर्षीय सिपाही शिवकुमार पुत्र बृजपाल (निवासी- फलावदा गांव खाता, मेरठ) ने गुरुवार शाम अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अचानक हुई इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई। शिवकुमार वर्ष 2023 से बिथरी चैनपुर थाने में तैनात था। वह भूरे कश्यप के मकान में किराए पर रहता था। यहां अन्य पुलिसकर्मी भी अलग-अलग कमरों में रहते हैं।
दरवाजा खटखटाने पर नहीं आया जवाब
गुरुवार शाम जब साथी सिपाही दरवाजा खटखटाने पहुंचे, तो भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांककर देखा गया, तो शिवकुमार पंखे से गमछे के सहारे लटका नजर आया। दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तीन दिन पहले सगाई
मुकेश चन्द्र मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी
जानकारी के मुताबिक, शिवकुमार की तीन दिन पहले ही सगाई हुई थी। घर से लौटने के बाद से वह गुमसुम, और उदास रहने लगा था। हालांकि, आत्महत्या की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना पर एसपी सिटी मानुष पारीक मौके पर पहुंचे, और जांच पड़ताल की। पुलिस परिजनों से बातचीत कर घटना की असली वजह तलाशने की कोशिश कर रही है।
