पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन 13,520 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 3,952 गायब,रेलवे ने किए खास इंतजाम
बरेली : उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को बरेली जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 17,472 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। मगर, इसमें से 13,520 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 3,952 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 8,736 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 6,760 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,976 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार दूसरी पाली में भी 8,736 अभ्यर्थियों में से 6,760 ने परीक्षा दी और 1,976 अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंचे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने जिले के 19 परीक्षा केंद्रों को पांच जोन में विभाजित किया था।
बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद प्रवेश

प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। पिछली भर्ती परीक्षाओं में साल्वर गैंग और नकल के मामलों को देखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती गई।परीक्षा केंद्रों के बाहर और भीतर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। सीसीटीवी निगरानी और चेकिंग व्यवस्था भी सख्त रखी गई।
रेलवे ने भी संभाला मोर्चा

पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने भी विशेष व्यवस्थाएं कीं। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के निर्देशन में बरेली सिटी, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, फर्रुखाबाद, कन्नौज और पीलीभीत समेत प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा और यात्री सुविधाएं बढ़ाई गईं। स्टेशन परिसरों, प्लेटफॉर्मों, फुट ओवरब्रिज और प्रवेश-निकास द्वारों पर आरपीएफ और जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती की गई। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए विशेष गश्त चलाई गई। भीषण गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों और यात्रियों के लिए शीतल पेयजल एवं शरबत वितरण की व्यवस्था भी की गई।
रेलवे प्रशासन ने लगाए हेल्प कैंप
यात्रियों की सहायता के लिए आरपीएफ ने आई हेल्प यू बूथ भी स्थापित किए, जहां ट्रेनों,प्लेटफॉर्मों और अन्य आवश्यक जानकारियों से संबंधित सहायता उपलब्ध कराई गई। महिला, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर मदद दी गई। रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से भर्ती परीक्षा के पहले दिन यात्री सुरक्षा और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए। परीक्षा का आयोजन 10 जून को भी दो पालियों में किया जाएगा।
