बरेली : यूपी के बरेली में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एसएसपी कार्यालय के बाहर एक बुजुर्ग ने आत्मदाह की कोशिश की। घटना बुधवार की है। थाना किला क्षेत्र के गढ़ी चौकी निवासी बुजुर्ग शिकायती पत्र लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने पास मौजूद ज्वलनशील पदार्थ की बोतल खोलकर खुद पर डालने का प्रयास किया। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने तुरंत बुजुर्ग को पकड़ लिया और आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया।
बोतल खोलते ही हरकत में आई पुलिस
एसएसपी कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों ने मीडिया को बताया कि बुजुर्ग के हाथ में एक बोतल थी, जिसमें ज्वलनशील पदार्थ भरा हुआ था, जैसे ही उसने बोतल का ढक्कन खोलकर अपने ऊपर उड़ेलने की कोशिश की, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। इसके बाद बुजुर्ग को सुरक्षित रूप से कोतवाली ले जाया गया।
कोतवाली में पूछताछ, लगाए गंभीर आरोप
कोतवाली पहुंचने के बाद कोतवाल सुरेश चंद्र गौतम ने बुजुर्ग से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि एक थानेदार और एक मीडियाकर्मी की मिलीभगत से उसे लगातार परेशान और प्रताड़ित किया जा रहा है। बुजुर्ग का कहना है कि इसी मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर उसने जान देने का फैसला किया।
पुलिस बोली-सभी आरोपों की हो रही निष्पक्ष जांच
कोतवाल सुरेश चंद्र गौतम ने मीडिया को बताया कि बुजुर्ग को फिलहाल हिरासत में रखा गया है और उसकी शिकायत व लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बुजुर्ग इतना बड़ा कदम उठाने को क्यों मजबूर हुआ। इस पर भी गंभीरता से जांच चल रही है।
