फर्जी नंबर से किया कॉल, व्हाट्सएप पर भेजी गई फाइल ने किया फोन हैक, पांच ट्रांजेक्शन में उड़ा दी रकम
बरेली : यूपी के बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां ऑनलाइन शॉपिंग में पार्सल लेट होने की शिकायत करना एक महिला को भारी पड़ गया। इंटरनेट से मिला कस्टमर केयर नंबर फर्जी निकला, और कुछ ही मिनटों में महिला के खाते से करीब 5.25 लाख रुपये उड़ा लिए गए। पीड़िता मंजू, निवासी कर्मचारी नगर ऑफिसर्स कॉलोनी, ने 19 अप्रैल को एक शॉपिंग वेबसाइट से सामान मंगाया था। तय समय पर डिलीवरी न होने पर उन्होंने गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजा और उसी पर कॉल कर दिया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताते हुए भरोसा जीत लिया।
APK फाइल ने किया फोन हैक
ठग ने शिकायत दर्ज करने के बहाने महिला को व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजी। जैसे ही महिला ने फाइल ओपन की, मोबाइल पूरी तरह हैक हो गया। इसके जरिए साइबर अपराधियों को बैंकिंग और निजी जानकारी का एक्सेस मिल गया।
5 ट्रांजेक्शन में साफ हुई रकम
फोन हैक होते ही ठगों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महिला के खाते से पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 5.25 लाख रुपये निकाल लिए। जब तक पीड़िता को धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तब तक पूरी रकम गायब हो चुकी थी।
साइबर थाना अलर्ट, जांच शुरू
इस घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि इंटरनेट से मिले कस्टमर केयर नंबरों पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान APK फाइल या लिंक को ओपन न करें। बैंकिंग डिटेल्स किसी से शेयर न करें।
