बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा में गुरुवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। परिजनों ने महिला के पति पर चाकू और सिलबट्टे से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। वारदात के बाद आरोपी पति अपने दो बेटों को लेकर फरार हो गया, जबकि उसकी बेटी को घर पर ही छोड़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
दो दिन पहले ही मायके से पत्नी को लेकर आया था पति
जानकारी के मुताबिक, बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गुलड़िया गांव निवासी महेश की बहन सरोज (35) की शादी जोगी नवादा निवासी सतीश से हुई थी। परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद के चलते सरोज कुछ समय पहले मायके चली गई थी। परिजनों का कहना है कि करीब दो दिन पहले ही सतीश सरोज को उसके मायके से वापस जोगी नवादा लेकर आया था। इसके बाद गुरुवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
चाकू से वार और सिलबट्टे से हमले का आरोप
महेश के मुताबिक, विवाद के दौरान सतीश ने कथित तौर पर सरोज पर चाकू से कई वार किए। आरोप है कि इसके बाद उसने सिलबट्टे से भी सरोज के सिर पर हमला किया। गंभीर चोट लगने के कारण सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिलने से परिजन और आसपास के लोग सकते में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
दो बेटों को लेकर फरार, बेटी को घर छोड़ा
परिजनों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी सतीश अपने दोनों बेटों को लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि अपनी बेटी को घर पर ही छोड़ गया। पुलिस आरोपी और दोनों बच्चों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। बताया गया है कि सतीश मिठाई की दुकान पर हलवाई का काम करता था।
परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और मारपीट के लगाए आरोप
मृतका के भाई महेश ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सतीश दहेज को लेकर उनकी बहन को परेशान करता था।परिजनों का यह भी आरोप है कि सतीश शराब पीने का आदी था और आए दिन सरोज के साथ मारपीट करता था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़े कई तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस घरेलू विवाद, हत्या की परिस्थितियों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
