पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना के नेतृत्व में मुलाकात, 5 साल की पंजीकरण अवधि के फैसले पर जताया आभार, राज्य स्तरीय चिकित्सा सम्मेलन में CM को दिया आमंत्रण
बरेली : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) बरेली के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पतालों के रजिस्ट्रेशन और प्रदूषण संबंधी पंजीकरण की अवधि एक वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष किए जाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुलाकात के दौरान आईएमए पदाधिकारियों ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और चिकित्सा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना कर मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।डॉक्टरों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मुद्दे भी मुख्यमंत्री के सामने रखे।
लंबित आयुष्मान भुगतान जारी कराने का अनुरोध
प्रतिनिधिमंडल ने कुछ अस्पतालों के आयुष्मान योजना के लंबित भुगतानों का मुद्दा भी उठाया। आईएमए की ओर से मुख्यमंत्री से लंबित भुगतान जारी कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया, ताकि संबंधित अस्पतालों को भुगतान मिल सके और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों में सुगमता बनी रहे।
राज्य स्तरीय चिकित्सा सम्मेलन में किया आमंत्रित
मुलाकात के दौरान आईएमए की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रस्तावित राज्य स्तरीय चिकित्सा सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विषयों और डॉक्टरों के हितों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान IMA के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल, प्रदेश अध्यक्ष 2026-27 डॉ. रविश अग्रवाल, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक अभय मणि त्रिपाठी, IMA लखनऊ की सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
पंजीकरण अवधि बढ़ाने के फैसले की तारीफ
आईएमए प्रतिनिधिमंडल ने अस्पतालों के रजिस्ट्रेशन और प्रदूषण संबंधी पंजीकरण की अवधि पांच वर्ष किए जाने को चिकित्सा संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।प्रतिनिधिमंडल ने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। आईएमए पदाधिकारियों का कहना है कि इससे अस्पतालों को बार-बार होने वाली पंजीकरण प्रक्रिया से राहत मिलेगी और प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
