बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत के 85 थानों का शानदार प्रदर्शन, उत्कृष्ट कार्य पर IGRS कर्मियों को मिलेगा सम्मान
बरेली : उत्तर प्रदेश सरकार की जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण को लेकर बरेली परिक्षेत्र ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी के निर्देशन में जुलाई-2026 की शासन द्वारा जारी रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि में परिक्षेत्र के चारों जनपद बरेली, बदायूं,शाहजहांपुर और पीलीभीत की अहम भूमिका रही। जुलाई माह की रैंकिंग में परिक्षेत्र के कुल 85 थानों ने भी संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। इनमें बरेली के 28, बदायूं के 20,शाहजहांपुर के 21 और पीलीभीत के 16 थाने शामिल हैं। सभी थानों ने जन शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
डीआईजी ने किया सम्मानित
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने इस उपलब्धि पर परिक्षेत्र कार्यालय में कार्यरत उपनिरीक्षक शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेन्द्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किए जाने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन जनपदों और थानों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है, उनके कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
आमजन की शिकायतों का निष्पक्ष समाधान
डीआईजी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है। इसी दिशा में लगातार निगरानी और प्रभावी कार्यवाही का परिणाम है कि बरेली परिक्षेत्र ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि परिक्षेत्र की पूरी पुलिस टीम के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
