एसपी चीफ बोले -विश्व गुरु की बात, लेकिन स्कूलों में बिजली -पानी नहीं’,नशे, बेटियों की सुरक्षा और विधानसभा सत्र समेत कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में योगी आदित्यनाथ सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकारी स्कूलों के बंद होने, पेपर लीक,।जौहर यूनिवर्सिटी, कानून-व्यवस्था, नशे के कारोबार, बेटियों की सुरक्षा, विधानसभा के मानसून सत्र और सांस्कृतिक विरासत जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। इसके साथ ही उन्होंने राम और हनुमान का किरदार निभाने वाले कलाकारों का सम्मान करते हुए भविष्य में समाजवादी सरकार बनने पर कलाकारों को संरक्षण देने का वादा भी किया।
‘भाजपा सरकार के 10 साल में 26 हजार स्कूल बंद’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में 26 हजार सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो सरकार देश को “विश्व गुरु” और “वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था” बनाने का दावा करती है। उसके सरकारी स्कूलों में आज भी बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएगी।
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि NEET समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं और उत्तर प्रदेश पेपर लीक की घटनाओं में सबसे आगे रहा है।उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है और सरकार इस पर नियंत्रण पाने में विफल रही है।
‘जौहर यूनिवर्सिटी पर हथौड़ा चलाना चाहती है सरकार’
रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की शुरुआत से ही विश्वविद्यालय के प्रति नीयत ठीक नहीं रही। उनका आरोप था कि सरकार जौहर यूनिवर्सिटी को खत्म करना चाहती है, लेकिन विरोध के बाद उसे पीछे हटना पड़ा।
नशे और कानून-व्यवस्था पर भी साधा निशाना

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि पहले नशीले पदार्थों की बरामदगी गोरखपुर क्षेत्र तक अधिक सुनाई देती थी, लेकिन अब लखनऊ सहित प्रदेश के कई हिस्सों में गांजा और अन्य मादक पदार्थ पकड़े जा रहे हैं। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था की विफलता से जोड़ते हुए सरकार पर हमला बोला।
‘यूपी का सबसे बड़ा संकट भाजपा सरकार’
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा संकट भारतीय जनता पार्टी है। उनके अनुसार, भाजपा सरकार हटने के बाद प्रदेश की अधिकांश समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उन्होंने बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली सरकार महिलाओं को न्याय दिलाने में असफल रही है।
युवा और कलाकारों को लेकर भी किए वादे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी में बड़ी संख्या में जेन-ज़ी और जेन-अल्फा के युवा जुड़े हैं और उनकी बात सुनना पार्टी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने वाले कलाकारों को सम्मान और सहयोग दिया जाएगा। इसी क्रम में उन्होंने भगवान राम और हनुमान का किरदार निभाने वाले कलाकारों को सम्मानित करते हुए 51-51 हजार रुपये के चेक भी प्रदान किए।
हनुमान जी और विधानसभा सत्र का भी जिक्र
प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने प्रभु हनुमान का आशीर्वाद लिया है और सवाल उठाया कि हनुमान जी के स्वरूप को लेकर विवाद पैदा करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की अवधि को लेकर भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि इतने कम समय में जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा संभव नहीं है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
