शहर के प्रेमनगर क्षेत्र में मकान की दीवार की मरम्मत कर रहा था मजदूर, बिजली के तार की चपेट में आने से हुआ हादसा, जेब से नहीं मिला कोई पहचान पत्र या मोबाइल
बरेली : शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मकान की मरम्मत के दौरान एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद मकान मालिक और उनकी बहन मजदूर को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर के पास पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या मोबाइल फोन नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को अज्ञात के रूप में जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।। जानकारी के अनुसार, यह घटना दरगाह शाह शराफत मियां के पास बताई जा रही है। मकान मालकिन महक सवा, पुत्री स्वर्गीय मेहताब मियां ने बताया कि उनके माता-पिता का निधन हो चुका है और वे चार बहनें हैं।
मकान की एक दीवार की मरम्मत का चल रहा था काम
यह हादसा दीवार की मरम्मत करते समय बिजली के तार की चपेट में आने से हुआ। मकान की मरम्मत के लिए उनकी बहन गुलरेश कुतुबखाना स्थित मजदूर अड्डे से राजमिस्त्री और मजदूर लेकर आई थीं। काम के दौरान मजदूर दीवार की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान दीवार के पास से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आने से उसे करंट लग गया। करंट का झटका लगते ही मजदूर बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जिला अस्पताल में इलाज को कराया भर्ती
हादसे के बाद महक सवा और गुलरेश ने उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर की पहचान के लिए उसकी जेब की तलाशी ली गई, लेकिन उसमें मोबाइल फोन, पहचान पत्र या कोई अन्य ऐसा दस्तावेज नहीं मिला। जिससे उसकी पहचान हो सके। जिसके चलते काफी देर तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई।पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। खबर लिखे जाने तक मजदूर की पहचान नहीं हो सकी थी।
परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है, ताकि उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी जा सके। हादसे के कारणों और बिजली के तार की स्थिति को लेकर भी पुलिस स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।
