विद्यालयों में तिरंगा यात्रा के साथ रंगोली, पोस्टर, निबंध और झंडा मेकिंग प्रतियोगिताएं, मीरगंज में शहीद स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
बरेली : स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत बरेली जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल नजर आया। बुधवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों और मीरगंज तहसील क्षेत्र में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। विद्यार्थियों,शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कुंवर दया शंकर एडवर्ड मेमोरियल इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. हरीश कुमार स्वामी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने तिरंगा यात्रा निकाली। विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
रंगोली,पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा

महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल में रंगोली, पोस्टर, तिरंगा रैली और तिरंगा झंडा मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। राजकीय हाईस्कूल गुलड़िया अताहुसैन, दमखोदा, राजकीय हाईस्कूल हरहरपुर मटकली, राजकीय हाईस्कूल बहेड़ी, स्वामी सोमनाथ इंटर कॉलेज मानपुर बहेड़ी, कमला नेहरू बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शेरगढ़, यूनिक मॉडल इंटर कॉलेज फतेहगंज, सूरजभान कन्या इंटर कॉलेज बरेली और लायंस रोहिल्ला इंटर कॉलेज जनकपुरी समेत कई विद्यालयों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की गईं।
विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी

जनता हाईस्कूल सेड़ा में तिरंगा मेले का आयोजन किया गया।राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं ने देशभक्ति,स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरित आकर्षक राखी और क्राफ्ट तैयार किए। विद्यालय परिसर में इन कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मीरगंज में भी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने मढ़ी सत्या से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा तहसील मीरगंज गेट पहुंची, जहां लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।इसके बाद तिरंगा यात्रा आरपी इंटर कॉलेज होते हुए ब्लॉक कार्यालय मीरगंज पहुंची। यहां स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अंत में सामूहिक राष्ट्रगान जन गण मन के साथ यात्रा का समापन हुआ।
जन-जन तक पहुंचाया जा रहा राष्ट्रभक्ति का संदेश

जिला प्रशासन और माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा स्वतंत्रता दिवस के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। तिरंगा यात्राओं और विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए जिले में स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जा रहा है।
यह थे मौजूद
यात्रा में ब्लॉक प्रमुख मीरगंज, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, बीईओ, एडीओ पंचायत, सप्लाई इंस्पेक्टर, आशा कार्यकत्रियां, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और स्थानीय लोग शामिल रहे।
