कैंट और शहर विधानसभा के कार्यकर्ताओं से अलग-अलग की चर्चा, छह मजबूत दावेदारों के नाम राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे
बरेली : कांग्रेस संगठन में नए सिरे से मजबूती लाने की कवायद के बीच बुधवार को बरेली में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नावेल्टी चौराहा स्थित उपजा प्रेस क्लब में दो सत्रों में हुई बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक जयेंद्र रमोला ने कैंट और शहर विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा जिला-महानगर अध्यक्ष पद के दावेदारों से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने को लेकर मंथन किया। पहले सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक कैंट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ चर्चा हुई। इसके बाद दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक शहर विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बातचीत की गई। पर्यवेक्षक ने कई कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से भी मुलाकात कर उनके विचार सुने और सुझाव दर्ज किए।
छह दावेदारों के नाम राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे
बैठक में पर्यवेक्षक जयेंद्र रमोला ने कहा कि वह बरेली में सक्रिय, ऊर्जावान और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं की तलाश के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी की कमान संभालने के लिए आने वाले आवेदनों में से वरिष्ठ, सक्रिय और मजबूत दावेदारों के नाम चयनित कर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिला एवं महानगर अध्यक्ष पद के लिए प्राप्त आवेदनों और संगठन से जुड़े फीडबैक की रिपोर्ट कांग्रेस के निर्धारित पोर्टल पर भेजी जा रही है। उनके अनुसार, छह प्रमुख दावेदारों के आवेदन राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे और अंतिम निर्णय वहीं से लिया जाएगा।
38 और 42 वार्ड के कार्यकर्ताओं से संवाद
निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी जिया उर रहमान ने बताया कि पर्यवेक्षक ने कैंट विधानसभा के 38 वार्ड और शहर विधानसभा के 42 वार्ड से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान जिला और महानगर अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे कई नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ पर्यवेक्षक को आवेदन भी सौंपे।
उन्होंने बताया कि संगठन के जमीनी स्तर को मजबूत करने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाने पर बैठक में विशेष जोर रहा।
संगठन सृजन अभियान को सफल बनाने पर जोर
जयेंद्र रमोला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन सृजन अभियान को मिलकर सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए बूथ और निचले स्तर से लेकर जिला एवं प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। साथ ही कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ताओं को आगे लाने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर काम किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की नीतियों और राहुल गांधी के विचारों को विशेष रूप से युवाओं तक पहुंचाने का आह्वान किया। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने संगठन को इतना मजबूत बनाने पर जोर दिया कि पार्टी का प्रत्याशी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर सके।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आवेदन सौंपा
इसी बीच कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष असलम चौधरी ने भी आवेदन दिया। उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक जयेंद्र रमोला को जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अपना आवेदन सौंप दिया है।उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सहयोग और समर्थन की अपील की। बैठक में निवर्तमान जिला अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. केबी त्रिपाठी, पंडित राज शर्मा, निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कृष्णकांत शर्मा, तबरेज खान, चौधरी असलम मियां, जिया उर रहमान, मुजामिल रजा एडवोकेट, जुनैद हसन एडवोकेट, डॉ. हरीश गंगवार, कमरुद्दीन सैफी, पाकिजा खान, रमेश चंद्र श्रीवास्तव, प्रभात गिरी गोस्वामी, नजमी खान जोया, मोहम्मद यामीन, आजाद हुसैन, उमेश आर्य, पूर्व जिला अध्यक्ष रामदेव पांडेय, योगेश जौहरी, उल्फत सिंह कठेरिया, आशीष रुस्तम, सतीश चंद्र, जितेंद्र कुमार, जहीरुद्दीन मुन्ना पार्षद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
