चार मरीजों का नोएडा के निजी अस्पतालों में चल रहा इलाज, एक मरीज बरेली में, सांस लेने में दिक्कत और ऑक्सीजन की कमी वाले मरीजों पर विशेष निगरानी
बरेली : इन्फ्लुएंजा ए (H1N1) को लेकर बरेली स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के मुताबिक जिले में अब तक पांच मरीज चिन्हित किए गए हैं। इनमें चार मरीजों का इलाज नोएडा के निजी अस्पतालों में चल रहा है, जबकि एक मरीज का उपचार बरेली में किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से H1N1 के लक्षणों को लेकर सतर्क रहने और परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।अधिकारियों के अनुसार बुखार, खांसी, जुकाम, गले में खराश, सिरदर्द और बदन दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।
गंभीर लक्षण वाले मरीजों पर विशेष निगरानी
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने मीडिया को बताया कि सांस लेने में परेशानी, ऑक्सीजन का स्तर कम होना, लगातार तेज बुखार या स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों के लिए ऑक्सीजन सुविधा वाले छह बेड आरक्षित किए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
संक्रमण से बचाव को सावधानी जरूरी
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने, जरूरत के अनुसार मास्क का इस्तेमाल करने, हाथों की नियमित सफाई रखने और खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि H1N1 को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लक्षणों को नजरअंदाज भी नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय सलाह और उचित उपचार से स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग जिले में सामने आए मामलों पर निगरानी बनाए हुए है और गंभीर लक्षण वाले मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में जुटा है।
