बरेली मंडल की समीक्षा बैठक में पशुधन मंत्री के निर्देश, हर गौशाला में हरा चारा, बारिश से बचाव और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करें, 2027 में भाजपा की वापसी का दावा
बरेली : उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को विकास भवन में पशुपालन विभाग की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए गौसंरक्षण, गौशालाओं की आत्मनिर्भरता और पशुपालन को किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “जाति की राजनीति करने वाले दलों का जनाधार लगातार समाप्त हो रहा है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास की नीति पर काम करती है।”मंत्री ने कहा कि प्रदेश की लगभग 7,500 गौशालाओं में 13 लाख से अधिक गोवंश संरक्षित हैं। इनके भरण-पोषण पर प्रतिदिन करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के दौरान किसी भी गौशाला में जलभराव न हो, गोवंश के लिए पर्याप्त हरे चारे, सूखे स्थान और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
गोबर और गोमूत्र से बढ़ेगी गौशालाओं की आय
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि सरकार गौशालाओं को धीरे-धीरे आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए गोबर से खाद, कंडे, दीपक,गोबर गैस और अन्य उपयोगी उत्पाद, जबकि गोमूत्र के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। इन कार्यों से स्वयं सहायता समूहों को जोड़कर गौशालाओं की आय बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर छह विभागों की संयुक्त समिति गौसंरक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए काम कर रही है।
हरे चारे, टीकाकरण और नस्ल सुधार पर जोर
मंत्री ने अधिकारियों को गोचर भूमि को कब्जामुक्त कर वहां हरा चारा बोने, एफएमडी (मुंहपका-खुरपका) और लंपी स्किन डिजीज के खिलाफ टीकाकरण अभियान तेज करने तथा देशी नस्ल की गायों के संरक्षण और नस्ल सुधार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि किसानों को साहीवाल और गंगातीरी नस्ल का सीमन नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि केवल बछिया जन्म के लिए उपयोग होने वाले सीमन की कीमत 300 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दी गई है।
बकरी मेले, पोल्ट्री और पशुपालन को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में बरेली मॉडल की तर्ज पर अन्य जिलों में भी बकरी मेले आयोजित करने, मुर्गी पालन, बकरी पालन और सुअर पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अंडा उत्पादन 2017 की तुलना में कई गुना बढ़ा है और पशुपालन को कृषि के साथ जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता होगी। वहां 1.60 करोड़ रुपये की लागत से नई वृहद गौशालाएं स्वीकृत की जाएंगी।
जातिगत राजनीति पर विपक्ष को घेरा
प्रेस वार्ता में धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिसने जाति और बिरादरी की राजनीति की, उसका राजनीतिक आधार लगातार कमजोर हुआ है।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा किसी जाति विशेष की नहीं, बल्कि सभी वर्गों के हितों के लिए काम करती है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने का भी दावा किया।
छात्र हित और कानून व्यवस्था पर भी बोले मंत्री
झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के सवाल पर मंत्री ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनके हित सर्वोपरि हैं।उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और जो भी गलती करेगा। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। बैठक में महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, मंडलायुक्त शंभू कुमार, चारों जिलों के मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी समेत जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
