बरेली : यूपी के बरेली जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हादसे और घटनाओं के तीन मामले सामने आए हैं। सिरौली में डंपर की टक्कर से सिंघाड़ा लेकर आंवला मंडी जा रहे 65 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं इज्जतनगर क्षेत्र में करीब आठ दिन से लापता 18 वर्षीय युवक का शव नहर में मिलने के बाद परिजनों ने दो युवकों पर नदी में धक्का देने का आरोप लगाया है। उधर, हाफिजगंज में खेत पर गन्ना छील रहे किसान को सांप ने डस लिया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डंपर की टक्कर से सिंघाड़ा बेचने जा रहे ग्रामीण की मौत
देहात के सिरौली थाना क्षेत्र की नई बस्ती फरजन नगर निवासी 65 वर्षीय बन्ने शाह की सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब पांच बजे बन्ने शाह अपने नाती अरहान के साथ ई-रिक्शा से सिंघाड़ा लेकर आंवला मंडी जा रहे थे। इसी दौरान सगरामपुर मंदिर के पास एक डंपर ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में बन्ने शाह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद 17 वर्षीय अरहान और ई-रिक्शा चालक सुरक्षित बताए गए। घायल बन्ने शाह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, टक्कर के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर की तलाश की जा रही है।
आठ दिन बाद नहर में मिला 18 वर्षीय महेश का शव
शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय महेश पाल की नकटिया नदी में डूबने से मौत का मामला सामने आया है। करीब आठ दिन बाद उसका शव उमरिया के पास नहर में मिलने से परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहचान बीडीए कॉलोनी, तुलाशेरपुर निवासी महेश पाल के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि 29 तारीख को गांव के अभिषेक और नकुल उसे अपने साथ बुलाकर ले गए थे। आरोप है कि दोनों उसे बिचपुरी के पास नकटिया नदी की ओर ले गए और गहरे पानी में धक्का दे दिया।
परिजनों ने बताई ये वजह
इस मामले में परिजनों ने पुरानी रंजिश को भी घटना की वजह बताया है। उनका कहना है कि महेश का दोनों युवकों से करीब चार-पांच महीने पहले विवाद और मारपीट हुई थी। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद महेश की तलाश की जा रही थी और करीब आठ दिन बाद उसका शव उमरिया के पास नहर में मिला। परिवार की ओर से इज्जतनगर थाने में तहरीर देकर दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नदी में धक्का देने और हत्या के आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
गन्ना छील रहे किसान को सांप ने डसा
हाफिजगंज थाना क्षेत्र के सैंथल गांव में 50 वर्षीय किसान गोपाल को खेत में सांप ने डस लिया। परिजनों के अनुसार, गोपाल सुबह खेत पर गन्ना काटने के बाद उसे छील रहे थे। इसी दौरान वहां बैठे सांप ने उनके हाथ में डस लिया। सांप के डसने के बाद गोपाल की हालत बिगड़ने लगी। परिवार के लोग उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।
