बरेली मंडल में विकास योजनाओं की समीक्षा, आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश, कुपोषित बच्चों को NRC में 14 दिन उपचार दिलाने पर जोर
बरेली : जिले और मंडल में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने को लेकर मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। डीएम अविनाश सिंह ने जिला पोषण समिति की बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, कुपोषित बच्चों के उपचार और सम्भव अभियान की प्रगति की समीक्षा की। वहीं मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने मंडल के चारों जिलों में स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड, टीबी मुक्त भारत अभियान, जननी सुरक्षा योजना और खाद्य एवं रसद विभाग की योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए। इसी दिन 34 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
पूर्ण आंगनबाड़ी केंद्रों का जल्द शुरू कराया जाए संचालन

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला पोषण समिति/जिला कन्वर्जेन्स प्लान कमेटी की बैठक में डीएम अविनाश सिंह ने निर्देश दिए कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है।उनका जल्द जनप्रतिनिधियों से उद्घाटन कराकर संचालन शुरू कराया जाए। बैठक में बताया गया कि जुलाई से सितंबर तक चल रहे सम्भव अभियान में बरेली ने 73वें स्थान से शुरुआत कर वर्तमान में 18वां स्थान हासिल किया है। डीएम ने कहा कि अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को शासन स्तर से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि बरेली शीर्ष तीन में स्थान बनाता है तो विभाग को पुरस्कृत किया जाएगा।
लापरवाही पर कार्रवाई की तैयारी
डीएम ने कार्य में लापरवाही बरतने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाया।उन्होंने प्रत्येक विकासखंड से तीन आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और तीन सहायिकाओं के नाम चयनित कर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की तैयारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को लाइव मॉनिटरिंग से जोड़ने के निर्देश दिए गए, ताकि उनके कार्यों की प्रभावी निगरानी की जा सके।
कुपोषित बच्चों को NRC में 14 दिन उपचार दिलाने पर जोर
डीएम ने निर्देश दिए कि NRC में भर्ती कुपोषित बच्चों को कम से कम 14 दिन तक उपचार दिलाना सुनिश्चित किया जाए।निर्धारित अवधि से पहले बच्चों के घर जाने की स्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका अभिभावकों को समझाकर उपचार पूरा कराने का प्रयास करें। बैठक में बताया गया कि जिले में 50 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण अभी जारी है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड बनाने में कोटेदार और आशाओं की मदद लें

उधर मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने मंडल के चारों जिलों की विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने बदायूं की सीएचसी और पीएचसी में मिली कमियों पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। कम बेड वाले अस्पतालों में समयबद्ध तरीके से बेड बढ़ाने को कहा। उन्होंने बदायूं और शाहजहांपुर में आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और कोटेदारों तथा आशाओं की मदद से कार्ड बनाने की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। कार्ड बनने के बाद उन्हें पोर्टल पर अपलोड करने तथा तहसील और ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाकर लोगों को जागरूक करने को कहा। पीलीभीत के महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड व्यवस्था में मिली कमी को दूर करने के निर्देश दिए गए।शाहजहांपुर में लक्ष्य के मुकाबले कम डायलिसिस होने पर भी मंडलायुक्त ने सुधार के निर्देश दिए।
अस्पतालों में दवा और डॉक्टरों की उपलब्धता जांचने के निर्देश

मंडलायुक्त ने सभी सीएचसी और पीएचसी में दवाओं की उपलब्धता का रजिस्टर रखने को कहा। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के अस्पतालों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि डॉक्टर समय से अस्पताल में बैठ रहे हैं या नहीं और मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं। टीबी मुक्त भारत अभियान में भुगतान की धीमी स्थिति पर भी नाराजगी जताई गई। क्षय रोगियों को गोद लेने वाले अधिकारियों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। बदायूं में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति धीमी मिलने पर गांवों में साफ-सफाई अभियान चलाने के लिए पंचायती राज विभाग से समन्वय करने को कहा गया।
34 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र

इसी क्रम में विकास भवन सभागार में नवचयनित 34 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार देने और कृषि व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। जनपद के लिए आवंटित 34 नवचयनित अभ्यर्थियों को जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल और डीएम अविनाश सिंह ने नियुक्ति पत्र दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने नवचयनित प्राविधिक सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए किसानों के हित में पूरी कर्तव्यनिष्ठा से काम करने का आह्वान किया।
गांव-गांव पहुंचेगी आधुनिक कृषि तकनीक
डीएम अविनाश सिंह ने नवचयनित प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि वे ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। आधुनिक कृषि तकनीकों और किसान हितैषी सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, तकनीकी दक्षता और जिम्मेदार कार्यशैली से जिले की कृषि व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
