कॉन्ट्रैक्टर ने साजिश रचने, जान से मारने की धमकी और झूठी शिकायतों से मानसिक प्रताड़ित करने का लगाया आरोप, बारादरी कोतवाली करेगी जांच
बरेली : शहर की बारादरी कोतवाली में सरकारी विभागों में ठेकेदारी का काम करने वाले जावेद अली खान की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह FIR 4 अक्टूबर, 2026 को शाम 5:12 बजे कोतवाली में दर्ज की गई है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 352 और 351(2) के तहत कार्रवाई की गई है। FIR में पुलिस ने सतीश चन्द्र दीक्षित,एक महिला और खेमेन्द्र कुमार गंगवार को नामजद किया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को अज्ञात बताया गया है। इसकी विवेचना उपनिरीक्षक मुनेन्द्र कुमार को सौंपी गई है।
ठेकेदार ने लगाए गंभीर आरोप
FIR में शिकायतकर्ता जावेद अली खान ने पुलिस को बताया है कि वह आकाशपुरम विस्तार, पीलीभीत बाईपास रोड, बरेली का निवासी है और सरकारी विभागों से ठेका लेकर कार्य करता है। शिकायत के अनुसार आरोपियों द्वारा उसके खिलाफ अलग-अलग स्थानों पर शिकायतें किए जाने से उसकी सामाजिक एवं व्यावसायिक छवि प्रभावित होने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सतीश चन्द्र दीक्षित द्वारा विभिन्न माध्यमों से शिकायतें की गईं। FIR में पूर्व में की गई शिकायतों और उनके संबंध में हुई जांच का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ शिकायतों को जांच में गलत पाए जाने के बावजूद उन्हें दोबारा उठाया गया।
25 करोड़ के टेंडर का आरोप भी FIR में
शिकायतकर्ता ने FIR में आरोप लगाया है कि उसके खिलाफ करीब 25 करोड़ रुपये का टेंडर लेने समेत विभिन्न आरोप लगाकर शिकायतें की गईं। FIR के मुताबिक इन शिकायतों और आरोपों को लेकर विभिन्न स्तरों पर जांच होने तथा कुछ रिपोर्टों में शिकायतों को तथ्यहीन/मनगढ़ंत बताए जाने का दावा शिकायतकर्ता ने किया है।हालांकि,शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना अभी पुलिस विवेचना का विषय है।
खेमेन्द्र गंगवार, और महिला पर भी आरोप
FIR में शाहजहांपुर की एक महिला पर भी शिकायतकर्ता के विरुद्ध कथित षड्यंत्र के तहत शिकायत करने तथा उसकी छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया गया है। वहीं खेमेन्द्र कुमार गंगवार के संबंध में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनके द्वारा भी उसके खिलाफ शिकायतें एवं आरोप लगाए गए तथा कथित तौर पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। शिकायत में आरोप है कि इन गतिविधियों के चलते शिकायतकर्ता और उसके परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा तथा उसके कारोबार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कही गई है।
जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
FIR में शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे कई बार जान से मारने की धमकी दी गई और उसके परिवार को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा FIR में पूर्व में की गई शिकायतों, जांच रिपोर्टों और न्यायालय में चले मामलों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसके खिलाफ लगातार शिकायतें कर दबाव बनाने की कोशिश की गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
बारादरी पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR संख्या 1250/2026 दर्ज की है। FIR में दर्ज धाराओं के अनुसार मामला BNS की धारा 352 और 351(2) से संबंधित है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए SI मुनेन्द्र कुमार,को विवेचक नियुक्त किया है। अब पुलिस विवेचना के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों, पूर्व में की गई शिकायतों, संबंधित दस्तावेजों, जांच रिपोर्टों और कथित धमकियों से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
