बरेली : बरेली कॉलेज में छात्रों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर समाजवादी छात्र सभा (सछास) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने प्रवेश प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, छात्र संघ चुनाव बहाल कराने और छात्रावास की व्यवस्था जल्द शुरू कराने समेत कई मांगें उठाईं। प्रदर्शन को देखते हुए कॉलेज परिसर के आसपास हलचल बढ़ गई है।
छात्र सभा की ओर से जारी मांग पत्र में प्रवेश प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई है। इसके साथ ही छात्रों ने छात्र संघ चुनाव बहाल कराने और छात्रावास की व्यवस्था शीघ्र शुरू करने की मांग की है। छात्र नेताओं का कहना है कि विद्यार्थियों के हित में नियमित कक्षाएं संचालित होने के साथ गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
खेल सुविधाओं के आधुनिकीकरण की उठी मांग
प्रदर्शनकारियों ने बरेली कॉलेज के खेल मैदान के आधुनिकीकरण और सभी खेल गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने की मांग भी उठाई। छात्रों ने स्विमिंग पूल, जिम और बैडमिंटन कोर्ट समेत अन्य खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने की बात कही। इसके साथ ही खेल मैदान को राजनीतिक और सरकारी आयोजनों से होने वाले नुकसान से बचाने की मांग की गई।
75 प्रतिशत उपस्थिति नियम लागू करने की मांग
छात्र सभा ने कॉलेज में 75 प्रतिशत उपस्थिति के नियम को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग भी रखी है। इसके अलावा पुस्तकालय में नई शिक्षा नीति के अनुरूप नवीनतम पुस्तकें और बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
मूलभूत सुविधाओं और शिकायत निवारण पर जोर
छात्रों ने छात्र-छात्राओं के लिए मूलभूत सुविधाओं में सुधार और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था लागू करने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल सिंह, मुकेश यादव, करन, रवि पंडित समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कॉलेज के प्राचार्य के बीसीए और भूगोल विभाग में आयोजित कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण प्रदर्शनकारी फिलहाल बैरियर के पास एकत्रित हुए। छात्र सभा ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगों का समाधान छात्रों के हित में जल्द किया जाना चाहिए।
