बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के बदायूं-बरेली रेलखंड पर संचालित ट्रेन में सफर के दौरान एक युवक के पैर में अचानक पत्थर लगने से वह घायल हो गया। युवक ने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंका, जबकि जीआरपी मामले को लेकर अलग आशंका जता रही है। पुलिस का कहना है कि घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। शहर के किला थाना क्षेत्र के साहूकारा निवासी विकास श्रीवास्तव एक सिक्योरिटी कंपनी में काम करते हैं। मंगलवार को वह किसी काम से बदायूं गए थे। रात करीब नौ बजे चलने वाली ट्रेन से वह बरेली लौट रहे थे। विकास के मुताबिक, ट्रेन जब मकरंदपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी अचानक तेज रफ्तार से आया पत्थर उनके पैर में जा लगा। इस पत्थर के लगने से चोट इतनी गंभीर थी कि उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया।साथी यात्रियों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पत्थर मारे जाने का युवक ने लगाया आरोप
विकास का कहना है कि ट्रेन के अंदर यात्रा के दौरान बाहर से किसी ने पत्थर फेंका, जो सीधे उनके पैर में लगा। घटना के बाद उन्होंने मामले की जानकारी जीआरपी को दी। हालांकि, जीआरपी का कहना है कि युवक के बयान और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस को युवक के ट्रेन से गिरने की आशंका भी है। हालांकि, पत्थर फेंके जाने के आरोप से भी इनकार नहीं किया गया है। जांच के बाद ही घटना की सही वजह सामने आएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल विकास का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। जीआरपी मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
