बरेली : कलेक्ट्रेट गेट पर एक दिन पहले महिला और उसकी पुत्री द्वारा आत्मदाह के प्रयास की घटना के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। डीएम अविनाश सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लेकर शिकायतकर्ता को बुलाकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली और एसडीएम सदर से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। वहीं, घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा बढ़ाते हुए फायर ब्रिगेड की टीम, आधुनिक फायर बाइक और सघन चेकिंग व्यवस्था लागू कर दी गई है। डीएम के निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सदर इशिता किशोर की निगरानी में तहसीलदार सदर, राजस्व टीम और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर शिकायत की जांच की।
प्लाट का रास्ता बंद करने का आरोप
शिकायतकर्ता कमलेश ने आरोप लगाया था कि उनके गाटा संख्या-139 स्थित प्लॉट का रास्ता पड़ोसी राजवीर सिंह द्वारा बंद किया जा रहा है। दोनों पक्षों की मौजूदगी में कराई गई पैमाइश में पाया गया कि गाटा संख्या-139 और 145 के बीच राजस्व अभिलेखों में कोई सार्वजनिक रास्ता दर्ज नहीं है।प्रशासन के अनुसार दोनों गाटे निजी भूमि (श्रेणी-1क) हैं।इसलिए मामला सिविल प्रकृति का है और शिकायतकर्ता पहले ही सिविल न्यायालय में वाद दायर कर चुकी हैं। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता ने एक जुलाई 2026 को आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय भी राजस्व और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच समाधान कराने का प्रयास किया था, लेकिन सहमति नहीं बनने पर उन्हें न्यायालय से राहत लेने की सलाह दी गई थी।
डीएम ने दी कार्रवाई की चेतावनी
डीएम अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह के प्रयास को गंभीर और अनुचित कृत्य बताते हुए स्पष्ट कहा कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार का कदम उठाने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।कलेक्ट्रेट गेट पर फायर ब्रिगेड की टीम के साथ आधुनिक उपकरणों से लैस फायर बाइक भी तैनात की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा परिसर में आने-जाने वाले लोगों की सघन चेकिंग और निगरानी शुरू कर दी गई है।
इंटेलिजेंस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बुधवार की घटना के दौरान पुलिस और इंटेलिजेंस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला और उसकी पुत्री के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनकर स्थिति को नियंत्रित किया।प्रशासन का कहना है कि कलेक्ट्रेट में फरियाद लेकर आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
